इंग्लैंड ने हरफनमौला खिलाड़ी मोईन अली (4 विकेट) और जोस बटलर (110*) की शानदार प्रदर्शन की बदौलत पांच मैचों की वन-डे सीरीज 5-0 से जीत लिया है। रविवार को खेले गए सीरीज के आखिरी व अंतिम रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने कंगारू टीम को 1 विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कंगारू टीम ने 34.4 ओवरों में 205 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जिसके जवाब में इंग्लिश टीम 9 गेंद शेष रहते ही 208 बनाकर मैच जीत लिया। इस मुकाबले में जोस बटलर को प्लेयर ऑफ द मैच और इस पूरे सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए उन्हें मैच ऑफ द सीरीज से नवाजा गया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को ट्राविस हेड (56) और आरोन फिंच (22) ने तेज शुरूआत दिलायी, लेकिन सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर मोऊन अली ने फिंच को बोल्ड कर दिया। पहले विकेट के लिए हेड और फिंच के बीच 60 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद 100 रन के भीतर ही कंगारू टीम के 5 विकेट गिर गए थे। डार्सी शार्ट 47 रन पर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से मोईन अली ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 46 रन देकर 4 विकेट झटके।
ऑस्ट्रेलिया द्वारा मिले 205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके टॉप ऑर्डर के 5 बल्लेबाज सिर्फ 50 रनों के टीम स्कोर पर पविलियन लौट गए। जेसन रॉय (1) को पहले ही ओवर में एस्टन एगर ने चलता किया तो छठे ओवर में 12 रन के निजी स्कोर पर जॉन बेयरिस्टो बोल्ड हो गए। हेल्स सिर्फ 20 रन बना सके, जबकि जो रूट (1) और इयोन मोर्गन (0) का बल्ला भी खामोश रहा। जल्दी-जल्दी 5 विकेट गिर जाने से मेजबान टीम मुश्किल में आ गई थी।
यहां से ऐसा लगने लगा कि सीरीज का आखिरी मुकाबला जीतकर ऑस्ट्रेलिया अपनी इज्जत बचा लेगा, लेकिन जोस बटलर ने उनके मंसूबे को नाकाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने 122 गेंद पर 12 चौकों और 1 छक्के की मदद से 110 की नाबाद पारी खेली। बटलर ने मोइन अली (16), सैम कुरेन (15) और आदिल राशिद (20) के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए इंग्लैंड को जीत की दहलीज तक ले गए। हालांकि, राशिद का विकेट 195 रनों के स्कोर पर गिरा तो लगा इंग्लिश टीम लक्ष्य से भटक जाएगी, लेकिन जेक बाल (1) ने जोस का बखूबी साथ दिया और मैच खत्म करके ही लौटे। बटलर ने शानदार चौका लगाकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। बता दें कि विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया की यह 18 मैचों 16वीं हार है।