मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड जब वेस्ट इंडीज के खिलाफ सुपर-8 का अपना पहला मुकाबला खेलने उतरेगी तो उसकी कोशिश ओपनर क्रिस गेल को थामने की होगी। ग्रुप मैच में आस्ट्रेलिया के खिलाफ ताबड़तोड़ पचासा जड़कर गेल ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
हालांकि ग्रुप के दोनों मैच बारिश से बाधित होने के कारण विंडीज टीम को अपनी ताकत आंकने का पूरा मौका नहीं मिला है लेकिन यह टीम खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। गेल के अलावा किरोन पोलार्ड, मार्लोन सैमुअल्स, ड्वेन ब्रावो और कप्तान डरेन सैमी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
ग्रुप मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लैंड गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया था. वहीं, बल्लेबाजी में इंग्लैंड टीम भारतीय स्पिनरों के सामने चारो खाने चित्त नजर आई थी। विंडीज के पास सुनील नारायन के रूप में क्वालिटी स्पिनर है जो इंग्लैंड के बल्लेबाजों को अपनी गेंदों पर नचा सकता है।
विंडीज को शिकस्त देने के लिए इंग्लैंड को न सिर्फ गेंदबाजी बल्कि बल्लेबाजी में भी काफी सुधार करना होगा। वर्ल्ड कप में आंकड़े भी इंग्लैंड के पक्ष में नहीं हैं। दोनों टीमों के बीच वर्ल्ड कप में दो मुकाबले हुए हैं और दोनों में जीत वेस्ट इंडीज के खाते में आई है। इसके अलावा दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल आठ मैच खेल गए हैं जिसमें कैरिबियाई टीम ने पांच जबकि इंग्लैंड ने तीन मैच जीते हैं।
‘सुनील हमारा ट्रंप कार्ड है और उन्होंने अभी तक इस फॉरमेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं। हमारे पास सैमुअल बद्री के रूप में दूसरा स्पिनर भी है। उम्मीद है कि हम अच्छी गेंदबाजी करेंगे।’ डरेन सैमी, कप्तान, वेस्ट इंडीज