इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि अगर पाकिस्तानी क्रिकेटरों को द हंड्रेड टूर्नामेंट से बाहर रखा जाता है तो यह शर्मनाक होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार द हंड्रेड में भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के कारण भारत में संभावित राजनीतिक प्रतिक्रिया की आशंकाओं के चलते नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेने से परहेज कर सकती हैं।
ब्रूक बोले- फिलहाल विश्व कप पर ध्यान
भारतीय स्वामित्व वाली सनराइजर्स लीड्स से अनुबंध हासिल करने वाले ब्रूक ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच से पहले कहा, अभी हमारा मुख्य ध्यान टी20 विश्व कप पर है। ईमानदारी से कहूं तो इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास का महत्वपूर्ण देश रहा है। मुझे लगता है कि नीलामी में उसके लगभग 50-60 खिलाड़ी होंगे और उनमें से कुछ को वहां न देखना शर्मनाक होगा।
पाकिस्तान के कितने खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
द हंड्रेड की लंदन में होने वाली नीलामी के लिए पाकिस्तान के 67 पुरुष और महिला क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें पुरुष टी20 विश्व कप में खेल रहे उसके लगभग सभी खिलाड़ी शामिल हैं। मोहम्मद आमिर, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान और हारिस रऊफ सहित कई पाकिस्तानी खिलाड़ी पहले द हंड्रेड में खेल चुके हैं।
आईपीएल के अलावा इन लीग में नहीं खेल पाते पाकिस्तानी खिलाड़ी
- पाकिस्तान का कोई भी खिलाड़ी नवंबर 2008 के आतंकी हमले के बाद आईपीएल में नहीं खेला है।
- एसए20 के 2023 में शुरू होने के बाद कोई भी पाकिस्तानी क्रिकेटर उसका हिस्सा नहीं रहा। इस टूर्नामेंट की सभी छह फ्रेंचाइजी का स्वामित्व भारतीयों के पास है।
- इसी तरह से यूएई के आईएलटी20 में एमआई लंदन और सदर्न ब्रेव के मालिकों के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी ने चार सत्र में एक भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को अनुबंधित नहीं किया है।
- द हंड्रेड का आगामी सत्र 21 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगा, जबकि खिलाड़ियों की नीलामी 11 और 12 मार्च को होगी।