डेविड मलान (55) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने रविवार को दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को चार विकेट से हरा दिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर्स में छह विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने एक गेंद शेष रहते ही 150 रन बनाकर यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में शानदार पारी खेलने के लिए डेविड मलान को मैन ऑफ द मैन चुना गया। मलान और मॉर्गन ने पांचवें विकेट के लिए 51 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करके इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने 40 गेदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 55 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद ने चार ओवर्स में 23 रन देकर दो विकेट झटके। बता दें कि पहला टी-20 इंग्लैंड ने पांच विकेट से जीता था। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा व आखिरी मुकाबला, जो महज एक औपचारिकता होगी, एक दिसंबर को खेला जाएगा।