स्पिनर आदिल राशिद की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट की उम्दा बल्लेबाजी से इंग्लैंड ने चौथे और अंतिम टी20 मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर 2-0 से सीरीज अपने नाम की। दो जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप से पहले गत चैंपियन इंग्लैंड के लिए यह जीत काफी महत्वपूर्ण है। आदिल राशिद को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला और तीसरा टी20 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
सॉल्ट ने बिखेरी चमक
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 157 रन बनाए, जवाब में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज सॉल्ट ने चमक बिखेरी और कप्तान जोस बटलर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी कर डाली। इस साझेदारी ने इंग्लैंड की जीत की नींव रखी। हालांकि, पाकिस्तान के हारिस रऊफ ने बेहतरीन गेंदबाजी की और सॉल्ट, बटलर और विल जैक्स को आउट कर पाकिस्तान की वापसी की कोशिश कराई, लेकिन अंत में जॉनी बेयरस्टो और हैरी ब्रूक ने नाबाद रहते हुए इंग्लैंड को जीत दिलाई। इंग्लैंड ने 15.3 ओवर में तीन विकेट पर 158 रन बनाकर जीत दर्ज की। इससे पहले सॉल्ट ने दमदार प्रदर्शन किया और 24 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 45 रनों की पारी खेली। हालांकि, रऊफ ने मोहम्मद रिजवान के हाथों कैच कराकर सॉल्ट की पारी का अंत किया और वह अर्धशतक से चूक गए।
सॉल्ट के आउट होने के बाद इंग्लैंड ने अगले दो विकेट जल्द गंवा दिए। सॉल्ट के बाद जोस बटलर को भी रऊफ ने अपना शिकार बनाया और बटलर 21 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाए। फिर रऊफ ने जैक्स को बोल्ड कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। जैक्स ने 18 गेंदों पर 20 रनों का योगदान दिया। इसके बाद बेयरस्टो और ब्रूक ने इंग्लैंड के और विकेट नहीं गिरने दिए और टीम को 27 गेंद शेष रहते जीत दिलाई। बेयरस्टो 16 गेंदों पर 28 रन और ब्रूक 14 गेंदों पर 17 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पाकिस्तान के बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन
इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने कप्तान का फैसला सही साबित करने में जरा भी देर नहीं लगाई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 21 गेंदों पर सर्वाधिक 38 रन बनाए। पाकिस्तान की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि टीम के सिर्फ पांच बल्लेबाज ही दहाई अंत तक पहुंच सके। उस्मान के अलावा कप्तान बाबर आजम ने 36 रनों का योगदान दिया।