इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम इन दिनों पाकिस्तान के दौरे पर है। टीम वहां सात टी20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए गई है। पाकिस्तान में 2009 में श्रीलंकाई टीम पर हमला हुआ था। उसके बाद लंबे समय तक किसी देश ने वहां का दौरा नहीं किया। पिछले कुछ समय से बड़ी टीमें वहां जाने लगी हैं। पाकिस्तान ने खिलाड़ियों की सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए हैं। हालांकि, कभी-कभी अधिक सुरक्षा व्यवस्था से खिलाड़ी परेशान भी होने लगते हैं।
इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने सुरक्षा व्यवस्था से परेशान होकर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया है कि वहां कैसी सुरक्षा है। हैरी ब्रूक ने मैच के बाद मजाकिया अंदाज में कहा, ''मैं जब भी वॉशरूम जाता हूं, तो हर बार कोई न कोई मेरे पीछे होता है। मैंने पहले कभी ऐसा कुछ अनुभव नहीं किया है, लेकिन यह अच्छा है, हम यहां बहुत सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हम सभी पाकिस्तान दौरे और इस कड़ी सुरक्षा का आनंद ले रहे हैं।”
लगातार बड़ी टीमों के आने से पाकिस्तान में क्रिकेट को लेकर हालात सुधर रहे हैं। उसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी भी मिल रही है। अगले साल एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान को मिली है। इसके अलावा 2025 में उसे चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भी करनी है। पाकिस्तान नहीं चाहता है कि सुरक्षा में चूक के कारण कोई घटना हो और उससे हाथ से मेजबानी चली जाए।
सात मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान को हार मिली थी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 158 रन बनाए थे। मोहमम्द रिजवान ने 46 गेंद में 68 और बाबर आजम ने 24 गेंद में 31 रन की पारी खेली थी। हालांकि, रिजवान का अर्धशतक टीम के काम नहीं आया। इंग्लैंड ने यह मैच छह विकेट से अपने नाम किया। इंग्लैंड के लिए एलेक्स हेल्स ने 40 गेंद में 53 रन की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई।