इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मुख्य स्पिनर ग्रीम स्वान ने अपनी टीम को चेताया है कि वे केवल स्पिन गेंदबाजी पर निर्भर नहीं करें। ऑफ स्पिनर ने चेताया कि सिर्फ उनकी गेंदबाजी ही टीम के लिए अपना रिकार्ड सुधारने के लिए निर्णायक नहीं होगी। इंग्लैंड की टीम भारत में 1985 के बाद से केवल एक टेस्ट में ही जीत दर्ज कर पाई है और टीम यहां इस रिकार्ड में सुधार करना चाहेगी।
चार साल पहले चेन्नई में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाले स्वान ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट झटके थे और इसके बाद से 190 विकेट चटकाए हैं। यह स्पिनर जानता है कि इस बार उनसे काफी उम्मीदें होंगी, विशेषकर उप महाद्वीपिय विकेटों पर।
स्वान ने दुबई में इंग्लैंड के ट्रेनिंग शिवर से पहले कहा कि इसके पीछे भी एक कारण है, बतौर स्पिनर जब आप उप महाद्वीप में जाते हो तो लोग आपके प्रदर्शन को देखते हैं। लेकिन अगर आप सिर्फ स्पिनर से ही सीरीज जीतने की उम्मीद करते हो तो यह ठीक नहीं है।