ENG W vs SA W: फाइनल में पहुंची इंग्लैंड की टीम, वैट के शतक के बाद इक्लेक्स्टन ने लिए छह विकेट, दक्षिण अफ्रीका की करारी हार
Thu, 31 Mar 2022 01:58 PM IST
Rajeev Rai
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, क्राइस्टचर्च
सार
इंग्लैंड की टीम आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2022 के फाइनल में पहुंच गई है। हीथर नाइट की अगुआई वाली इंग्लैंड ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 137 रन के बड़े अंतर से हराया। क्राइस्टचर्च में खेले गए मैच में इंग्लैंड की तरफ से डेनियल वैट ने शतक लगाया तो वहीं सोफी इक्लेक्स्टन ने छह विकेट झटके।
इंग्लैंड की टीम आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2022 के फाइनल में पहुंच गई है। हीथर नाइट की अगुआई वाली इंग्लैंड ने दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 137 रन के बड़े अंतर से हराया। क्राइस्टचर्च में खेले गए मैच में इंग्लैंड की तरफ से डेनियल वैट ने शतक लगाया तो वहीं सोफी इक्लेक्स्टन ने छह विकेट झटके। गत चैंपियन इंग्लैंड अब छह बार की विजेता ऑस्ट्रेलिया के साथ एक बार फिर से खिताबी मुकाबला खेलेगी।
विज्ञापन
हेगले ओवल में खेले गए इस अहम मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीता और इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया। इंग्लैंड की शुरूआत हालांकि अच्छी नहीं रही और उसने 10 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद हीथर नाइट और नैट सिवर ने भी जल्दी ही अपना विकेट गंवा दिया और उसके 77 रन पर तीन खिलाड़ी आउट हो गए। लेकिन फिर डेनियल वैट ने एमी जोन्स (28) के साथ 49 और सोफिया डंकले (60) के साथ मिलकर 116 रन की बड़ी साझेदारियां की। इस दौरान वैट ने अपना शतक पूरा किया तो डंकले ने अर्धशतक लगाया।
विज्ञापन
अंत में सोफी इक्लेस्टन की 11 गेंदों में 24 रन की पारी के दम पर 293 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से डेनियल वैट ने सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 125 गेंदों में 129 रन की शतकीय पारी खेली। वहीं दक्षिण अफ्रीका की तरफ से शबनिम इस्माइल ने तीन विकेट झटके।
इंग्लैंड के 294 रन के लक्ष्य के जवाब में दक्षिण अफ्रीका की शुरूआत बेहद खराब रही और उसने 8 के स्कोर पर ही अपनी सलामी जोड़ी के विकेट गंवा दिए। इसके बाद लारा गुडाल और सुने लूस ने मिलकर टीम के संभालने की कोशिश की लेकिन वह भी नाकाम रही। दक्षिण अफ्रीकी टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और उसकी तरफ से कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं हुई और देखते-देखते पूरी टीम 38 ओवर में 156 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एक भी अर्धशतक नहीं लगा जबकि इंग्लैंड की गेंदबाज सोफी इक्लेस्टन ने 36 रन देकर छह विकेट लिए।