इंग्लैंड के खिलाफ वेस्ट जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड को पहले टेस्ट में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के हाथों खेल के तीसरे ही दिन पारी और 12 रन से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। एनरिच नोर्त्जे ने 47 रन देकर तीन विकेट, केशव महाराज ने 35 रन देकर दो विकेट, कगिसो रबाडा ने 27 रन देकर दो विकेट और मार्को यानसेन 13 रन देकर दो विकेट लेकर मेजबान टीम को दूसरी पारी में 37.4 ओवर में महज 149 रन पर ढेर कर दिया। एलेक्स लीज और स्टुअर्ट ब्रॉड 35 रन की पारियों के साथ टॉप स्कोरर रहे।
दक्षिण अफ्रीका ने कल के स्कोर सात विकेट पर 289 से आगे खेलना शुरू किया और स्कोर को 326 रन तक पहुंचाकर पहली पारी में 161 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।
उम्मीद थी कि इंग्लैंड दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी कर संघर्ष करेगा, लेकिन कप्तान डीन एल्गर ने पहले गेंदबाजी परिवर्तन के रूप में बांए हाथ के स्पिनर केशव महाराज को गेंद थमा दी। उन्होंने आते ही जैक क्रॉली (13) और पहली पारी में 73 रन बनाने वाले ओली पोप (पांच रन) को आउट कर इंग्लैंड को बैकफुट पर ला दिया। इसके बाद नोर्त्जे ने 15 रन के अंतराल में तीन विकेट निकालकर इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 86 रन कर दिया।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने नोर्त्जे पर आक्रामक स्ट्रोक लगाते हुए 29 गेंद में 35 रन की पारी खेली। उन्होंने कप्तान बेन स्टोक्स (20) के साथ तेज 55 रन जोड़े, लेकिन उनके आउट होते ही दक्षिण अफ्रीका के लिए बाकी का काम यानसेन और रबाडा ने पूरा कर दिया।