इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में हराकर ग्रुप-2 का समीकरण बदल दिया है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 19.3 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। इंग्लैंड ने इस तरह चार विकेट से मैच जीता। इंग्लैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है और उसने सुपर आठ में अपने सभी तीन मैच जीते हैं।
इंग्लैंड की खराब शुरुआत
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने पहले आठ गेंदों में ही फिल सॉल्ट और जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड को दो रन पर दो झटके दे दिए। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक (26) ने पारी को संभाला और जैकब बेथेल (21) के साथ 45 रनों की साझेदारी की। लेकिन ग्लेन फिलिप्स ने पहले गेंद पर ब्रूक को आउट किया और फिर शानदार कैच लेकर बेथेल को भी पवेलियन भेज दिया। इससे इंग्लैंड दबाव में आ गया।
जैक्स और रेहान ने दिलाई जीत
मध्यक्रम में सैम करन (24) और टॉम बैंटन (33) ने 42 रनों की अहम साझेदारी की। रचिन रवींद्र ने करन को आउट कर मैच में फिर से संतुलन बनाया। आखिरी तीन ओवरों में इंग्लैंड को 43 रन की जरूरत थी। रेहान अहमद ने सात गेंदों में नाबाद 19 रन की तेज पारी खेली, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। मिचेल सैंटनर के ओवर में 16 रन और ग्लेन फिलिप्स के ओवर में 22 रन आने से मैच इंग्लैंड की ओर झुक गया। अंतिम ओवर में मैट हेनरी लक्ष्य का बचाव नहीं कर सके और इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप में लगातार पांचवां मुकाबला जीता।
स्पिनरों के जाल में उलझे कीवी बल्लेबाज
इससे पहले, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कीवी टीम की शुरुआत अच्छी रही और टिम सीफर्ट और फिन एलेन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। सीफर्ट ने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 35 रन बनाए। वहीं, फिन एलेन ने 19 गेंदों में 29 रनों का योगदान दिया। हालांकि, अच्छी शुरुआत के बाद कीवी बल्लेबाज स्पिनरों के जाल में उलझ गए।
न्यूजीलैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए, जिसके चलते टीम स्कोरबोर्ड पर बड़ा टोटल लगाने में नाकाम रही। ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड की तरफ से सर्वाधिक 39 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए इस मैच में सात विकेट स्पिनरों ने लिए। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में विल जैक्स, रेहान अहमद और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट झटके, जबकि लियाम डॉवसन को एक विकेट मिला।
इंग्लैंड की जीत से पाकिस्तान को राहत
- इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत से पाकिस्तान को राहत मिल गई है।
- न्यूजीलैंड अगर ये मैच जीत जाती तो पाकिस्तान का सफर सुपर आठ में ही थम जाता।
- न्यूजीलैंड की हार से अब ग्रुप-2 में सेमीफाइनल का समीकरण बदल गया है और अब श्रीलंका तथा पाकिस्तान के मैच पर सभी की नजरें हैं।
- इंग्लैंड पहले ही क्वालिफाई कर चुका है, यानी अब इस ग्रुप से सेमीफाइनल के एक स्थान के लिए दो टीमों में जंग है।
- देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड में से कौन सी टीम सेमीफाइनल का टिकट पक्का करेंगी।
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के लिए क्या है समीकरण?
- ग्रुप-2 में इंग्लैंड की टीम छह अंक लेकर शीर्ष पर है और सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
- न्यूजीलैंड की टीम तीन में एक जीत, एक हार और एक रद्द मैच के साथ तीन अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +1.390 का है।
- पाकिस्तान की टीम दो मैच में एक हार और एक रद्द मैच के साथ एक अंक लेकर तीसरे नंबर पर है। पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.461 का है।
- अब यहां से नेट रन रेट काफी अहम हो गया है। यानी पाकिस्तान को सिर्फ श्रीलंका को हराना ही नहीं होगा, बल्कि बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
- अगर पाकिस्तान लक्ष्य का बचाव करती है तो उसे कम से कम 64 रन के अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
- अगर पाकिस्तान की टीम लक्ष्य का पीछा करती है तो उसे टारगेट 13.1 ओवर में हासिल करना होगा।
- अगर पाकिस्तान ऐसा करने में सफल रही तो सेमीफाइनल में चली जाएगी। अगर टीम ऐसा नहीं कर सकी तो न्यूजीलैंड बेहतर नेट रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लेगा।