जेम्स एंडरसन, बेन स्टोक्स और सौरव गांगुली
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स में गुरुवार (दो जून) को शुरू हुआ। न्यूजीलैड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उनका यह निर्णय गलत साबित हुए। इंग्लिश गेंदबाजों के स्विंग के सामने उनकी टीम टिक नहीं सकी। न्यूजीलैंड पहली पारी में 132 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने अपनी स्विंग गेंदों से विपक्षी टीम को काफी परेशान किया और चार विकेट झटक लिए।
एंडरसन ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर विल यंग को आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया। एंडरसन की लहराती गेंद टप्पा खाने के बाद बाहर की ओर निकली। गेंद यंग के बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर स्लिप में गई। तीसरे स्लिप पर खड़े जॉनी बेयरस्टो ने बाईं ओर झुकते हुए एक हाथ से बेहतरीन कैच लिया। एंडरसन की इस लहराती गेंद ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का दिल जीत लिया।
गांगुली ने ट्विटर पर इस गेंद का वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, ''कितना ताजा है! टेस्ट मैच की शुरुआत से ही लाल गेंद स्विंग हो रही है। टेस्ट क्रिकेट में इससे बेहतर बात कोई नहीं है।'' गांगुली ने पहले भी कई बार एंडरसन की तारीफ की है। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ खेल रहे हैं। गांगुली ने 2008 में संन्यास ले लिया था। एंडरनस उम्र में गांगुली से 10 साल छोटे हैं। उन्होंने टेस्ट डेब्यू भी गांगुली के डेब्यू के सात साल बाद किया था।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में एंडरनस और ब्रॉड को इंग्लैंड की टीम में नहीं रखा गया था। बेन स्टोक्स के कप्तान और ब्रैंडन मैकुलम के कोच बनने के बाद दोनों अनुभवी गेंदबाजों की वापसी की। एंडरसन अपने नए कप्तान स्टोक्स के भरोसे पर खड़े उतरे। उन्होंने विल यंग के अलावा टॉम लाथम, कायेल जेमीसन और टिम साउदी को आउट किया। इंग्लैंड की ओर से डेब्यू करने वाले मैटी पॉट्स ने भी खतरनाक गेंदबाजी की और चार विकेट लिए।