इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल चोटिल हो गए हैं और पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं। इस बात की जानकारी बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने दी। उन्होंने गोपनीयता की शर्त पर कहा, 'शुभमन के पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर होने की संभावना है हालांकि अभी इसमें एक महीने का समय है। हमें जितना पता है चोट गंभीर है।' हालांकि, अभी तक इस बात का पता नहीं चल सका है कि उन्हें यह चोट कब लगी। मयंक अग्रवाल और केएल राहुल टीम में दो अन्य सलामी बल्लेबाज है। यदि गिल बाहर होते हैं तो अभिमन्यु ईश्नरन को मुख्य टीम में जगह मिल सकती है, जो अभी 'स्टैंड बाई' हैं। बता दें कि टीम इंडिया इस वक्त ग्रेट ब्रिटेन में छुट्टियों का मजा ले रही है। डब्ल्यूटीसी फाइनल में मिली हार के बाद भारतीय टीम को तीन सप्ताह का ब्रेक मिला था। टीम इंडिया 14 जुलाई को लंदन में इकट्ठी होगी और डरहम रवाना होगी, जिसके बाद फिर से बायो-बबल में रहेगी। चार अगस्त से दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत होगी।