रन आउट होने के बाद पीछे देखते बेयरस्टो
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज के दूसरे मैच में जॉनी बेयरस्टो के रन आउट पर जमकर बवाल हो रहा है। इससे पहले मिचेल स्टार्क के कैच को लेकर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी विरोध कर रहे थे। अब एलेक्स कैरी के रन आउट करने के अंदाज को लेकर इंग्लैंड के फैंस ने जमकर हूटिंग की। सोशल मीडिया पर भी सभी फैंस अपनी राय और तर्क रख रहे हैं। कैरी के रन आउट को खेल भावना के खिलाफ बताया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने नियमों के अंदर रहकर रन आउट किया है।
क्या है मामला?
मैच के पांचवें दिन इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी और कप्तान बेन स्टोक्स ने बेन डकेट के साथ अच्छी साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। डकेट के आउट होने के बाद जॉनी बेयरस्टो और स्टोक्स ने साझेदारी शुरु की, लेकिन बेयरस्टो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। इंग्लैंड की दूसरी पारी के 52वें ओवर की आखिरी गेंद बेयरस्टो ने छोड़ दी और स्टोक्स से बात करने के लिए क्रीज से बाहर निकल गए। यह देख विकेटकीपर कैरी ने गेंद पकड़ी और गिल्लियां बिखेर दीं। नियमों के अनुसार गेंद डेड नहीं थी और ऑस्ट्रेलिया की अपील पर अंपायर ने बेयरस्टो को आउट करार दिया।
नियम के अनुसार बेयरस्टो आउट थे, लेकिन वह रन नहीं भाग रहे थे और खेल भावना के अनुसार उन्हें आउट करना ठीक नहीं था। बेयरस्टो 10 रन के स्कोर पर आउट हुए और लॉड्स के मैदान पर दर्शकों ने हूटिंग शुरू कर दी। इसके बाद कप्तान स्टोक्स ने तेजी से रन बनाए और अपना शतक पूरा किया। उन्होंने ग्रीन के एक ओवर में 24 रन बटोरे और लंच तक टीम का स्कोर 243/6 कर दिया।
पहले स्टार्क के कैच पर हुआ विवाद
इसी मैच में चौथे दिन मिचेल स्टार्क के कैच पर विवाद हुआ था। दिन का खेल खत्म होने से पहले बेन डकेट ने अपर कट खेला और गेंद हवा में चली गई। स्टार्क ने कैच पकड़ा और ऑस्ट्रेलियाई टीम विकेट का जश्न मनाने लगी। हालांकि, उन्हें विकेट नहीं मिला। अंपायरों ने कैच की समीक्षा के लिए तीसरे अंपायर की मदद ली और रीप्ले में दिखा कि स्टार्क के डाइव लगाते समय गेंद जमीन से छू गई थी। इसके बाद बल्लेबाज डकेट को नॉट आउट दिया गया। इस पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान कमिंस ने अंपायर से बहस भी की। सोशल मीडिया पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने काफी हंगामा किया। अंत में एमसीसी ने ट्वीट कर बताया "नियम 33.3 स्पष्ट रूप से कहता है कि कैच तभी पूरा होता है जब क्षेत्ररक्षक का 'गेंद और उसके शरीर पर पूरा नियंत्रण' हो। गेंद उससे पहले जमीन को नहीं छू सकती। इस विशेष घटना में, मिचेल स्टार्क, अभी भी फिसल रहे थे और गेंद जमीन को रगड़ रही थी, उनका शरीर नियंत्रण में नहीं था।"
बेयरस्टो के रन आउट होने पर भी सोशल मीडिया में काफी बवाल हो रहा है। खेल भावना को लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम की आलोचना हो रही है।