कप्तान बेन स्टोक्स ने जॉनी बेयरस्टो की जर्सी पहनी हुई थी, जबकि मोईन अली ने वोक्स की जर्सी पहनी हुई थी, तो जेम्स एंडरसन ने स्टुअर्ट ब्रॉड की शर्ट पहनी हुई थी। दोनों टीमों ने पहला सत्र शुरू होने से पहले अल्जाइमर सोसायटी के लोगों द्वारा एक गाने का आनंद भी उठाया। इसके बाद इंग्लैंड के सभी खिलाड़ी मैदान पर आए तो ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भी उनका समर्थन किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम भी इंग्लैंड के खिलाड़ियों के साथ मैदान में इकट्ठा हो गई। फैंस ने इस कदम की खूब सराहना की और दोनों टीमों के लिए तालियां बजाईं। इसका वीडियो भी इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने ट्विटर पर शेयर किया है। हालांकि, बाद में यानी खेल शुरू होने के बाद सभी ने सही जर्सी पहन ली।
गलत जर्सी के साथ इंग्लैंड के खिलाड़ी
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड के सहायक कोच मार्कस ट्रेस्कोथिक ने कहा कि यह इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड और एल्जेमर सोसायटी की संयुक्त पहल है। ट्रेस्कोथिक ने कहा, यह एक भयावह बीमारी है। हम लोगों को जागरूक करना चाहते हैं और चैरिटी के लिए पैसा भी एकत्र करना चाहते हैं। ट्रेस्कोथिक के पिता मार्टिन खुद इस बीमारी से पीड़ित हैं।
डिमेंशिया एक ऐसा शब्द है जो आम तौर पर मानसिक स्थिति में गिरावट को दर्शाता है। यह किसी व्यक्ति के आम जीवन को तहस-नहस करने की क्षमता रखता है। यह कोई विशिष्ट बीमारी नहीं है, बल्कि एक व्यापक शब्द है जो अल्जाइमर रोग सहित कई प्रकार की मेडिकल कंडीशन में आम है। इस स्थिति में व्यक्ति की याददाश्त, उसका ध्यान, उसकी भाषा और समस्या-समाधान क्षमताएं प्रभावित होती हैं। इससे किसी का भी जीवन परेशानियों से भर जाता है। इसको ठीक करने के लिए अच्छे देखभाल की आवश्यकता होती है।
एशेज की बात करें तो केनिंग्टन ओवल में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवां टेस्ट खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने पहली पारी में 283 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 295 रन बनाए और 12 रन की बढ़त हासिल की। तीसरे दिन इंग्लैंड की टीम बैटिंग करने उतरी। फिलहाल इंग्लिश टीम दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रही है।