वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो अक्सर क्रिकेट के मैदान पर खास तरीके से जश्न मनाते देखे जाते हैं। चाहे विकेट लेकर डांस करना हो या बल्ले के साथ रन बनाने के बाद खास अंदाज में जश्न मनाना हो। ब्रावो हर बार जश्न मनाने को कोई नया तरीका ढूंढ़ लेते हैं। अब उन्होंने जश्न मनाने के लिए पुष्पा का तरीका अपनाया है। भारतीय सिनेमा के स्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा का किरदार पुष्पराज का अंदाज इन दिनों हर भारतीय के सिर चढ़कर बोल रहा है।
भारत में लोग पुष्पा के अंदाज में बात कर रहे हैं या रील्स बना रहे हैं, लेकिन अब विदेशों में भी इस फिल्म का असर दिख रहा है। ब्रावो से पहले डेविड वार्नर ने पुष्पा के अंदाज में इंस्टाग्राम पर रील बनाई थी। अब ब्रावो ने विकेट लेने के बाद पुष्पा की तरह चलकर जश्न मनाया है।
'श्रीवल्ली' गाने से अल्लू अर्जुन का डांस स्टेप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और खलील अहमद ने भी गाने पर डांस करते हुए अपने वीडियो शेयर किए हैं। इस डांस को 'पुष्पा वॉक' नाम दिया गया है।
ब्रावो ने कोमिला विक्टोरियंस के खिलाफ मैच में विकेट लेने के बाद "पुष्पा वॉक" की। उनके इस डांस का वीडियो वायरल हो रहा है और फैंस इस पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।
ब्रावो की शानदार गेंदबाजी
ब्रावो ने इस मैच में तीन विकेट चटकाए, जिसकी बदौलत फॉर्च्यून बोरिशाल ने कोमिला विक्टोरिया को निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 158 रन पर रोक दिया। इसके बावजूद ब्रावो की टीम यह मैच 63 रन से हार गई। फॉर्च्यून बोरिशाल की टीम निर्धारित 20 ओवर के अंदर 95 रन पर सिमट गई।
पूर्व कैरिबियाई ऑलराउंडर ने मंगलवार को पुष्पा डांस का एक और वीडियो शेयर किया था। यह वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था "ट्रेंड के साथ डेविड वार्नर और सुरेश रैन, मैंने कैसे किया !!" इसके जवाब में रैना ने लिखा था शानदार ब्रावो। वहीं वार्नर ने लिखा था "हा हा, आप वाकई में महान आदमी हैं मेरे भाई।"
पिछले साल ही किया था संन्यास का एलान
ब्रावो ने नवंबर में टी 20 विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की, जहां गत चैंपियन वेस्टइंडीज टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंचने में विफल रहा। दो बार की टी20 विश्व कप चैंपियन वेस्टइंडीज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बदलाव के दौर से गुजर रही है। इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्डकप में क्वालीफाई करने के लिए वेस्टइंडीज को क्वालीफायर राउंड में हिस्सा लेना होगा। यह टीम फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेल रही है।