दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन की ओर से खेल रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गेंद से भी अपना दम दिखाया। मुकाबले में महज तीन ओवर गेंदबाजी करने वाले वैभव ने एक ही ओवर में दो विकेट झटककर टीम के लिए अहम योगदान दिया। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कप्तान ईशान किशन को शायद पता नहीं था कि वह विकेट-टेकर हैं।
'मुझे दो-तीन ओवर गेंदबाजी करने के लिए कहा गया'
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वैभव अपनी गेंदबाजी और मैच के अनुभव के बारे में बात करते नजर आए। वैभव ने बताया कि विपक्षी टीम के विकेट नहीं गिरने के कारण उन्हें गेंदबाजी का मौका दिया गया। उन्होंने कहा, 'दूसरी टीम के विकेट नहीं गिर रहे थे, इसलिए मुझे दो या तीन ओवर गेंदबाजी करने के लिए कहा गया। ईशान भैया (कप्तान) को लगा कि वह रिस्क ले रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि मैं विकेट-टेकर हूं।' वैभव ने भले ही सिर्फ तीन ओवर गेंदबाजी की, लेकिन इस छोटे से स्पेल में उन्होंने दो विकेट हासिल कर अपनी उपयोगिता साबित कर दी।
'बस एक जगह को टारगेट करना था'
अपनी गेंदबाजी की रणनीति के बारे में बात करते हुए वैभव ने कहा कि उनका लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा विकेट लेने के बजाय दिए गए सीमित ओवरों में अच्छी गेंदबाजी करना था। उन्होंने कहा, 'मेरे दिमाग में बस एक ही बात थी कि अगर मैं पांच विकेट भी ले लूं, तो मुझे सिर्फ तीन ओवर ही गेंदबाजी करने को मिलेगी। इसलिए योजना थी कि मैं जितनी अच्छी गेंदबाजी कर सकता हूं, करूंगा और सिर्फ एक जगह को टारगेट करूंगा और अपना स्पेल अच्छे से खत्म करूंगा।'
बल्लेबाजी में फ्लॉप, गेंद से दिया योगदान
- इस मुकाबले में वैभव बतौर बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके।
- हालांकि, गेंदबाजी में दो विकेट लेने के बाद उन्होंने इसे अपने लिए अच्छा अनुभव बताया।
- उन्होंने कहा, 'यह बहुत मजेदार था क्योंकि मैच में बैटिंग उतनी अच्छी नहीं हुई थी। इसलिए गेंद से योगदान देना बहुत अच्छा था। हां, जब कोई बल्लेबाज विकेट लेता है, तो उससे ज्यादा मजेदार कुछ नहीं होता।'
- वैभव ने गेंदबाजी को लेकर अपनी पसंद का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि वह हमेशा गेंदबाजी का आनंद लेते हैं।
- उनके मुताबिक, एक बल्लेबाज को गेंदबाजी करना और एक गेंदबाज को बल्लेबाजी करना हमेशा मजेदार लगता है।
सेमीफाइनल में साउथ जोन से भिड़ेगा ईस्ट जोन
वैभव सूर्यवंशी की ईस्ट जोन टीम ने दलीप ट्रॉफी 2026 के रेड-बॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब टीम का सामना बंगलूरू स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 में साउथ जोन से होगा। दोनों टीमों के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रविवार सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला छह सितंबर से शुरू होगा।