बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने 70 रन पर सात विकेट झटक कर शनिवार को तमिलनाडु के सालेम दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के तीसरे दिन उत्तर क्षेत्र के खिलाफ दक्षिण क्षेत्र को पहली पारी में बड़ी बढ़त दिला दी। उत्तर क्षेत्र की पहली पारी 67 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। दक्षिण क्षेत्र ने आठ विकेट पर 630 रन पर पहली पारी घोषित की थी। पहली पारी में दक्षिण को 423 रन की बढ़त मिली।
दक्षिण क्षेत्र ने फॉलोऑन करने की जगह दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में एक विकेट पर 157 रन बनाकर कुल 580 रन की बढ़त ले ली है। स्टंप्स के समय मयंक अग्रवाल 53 और रवि तेजा 19 रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले रोहन कुन्नुमल (77) ने मयंक के साथ पहले विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी की। उत्तर क्षेत्र ने दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 24 रन से की। सलामी बल्लेबाज यश ढुल (40) और मनन वोहरा (27) ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। कप्तान मंदीप सिंह (14) और ध्रुव शोरे (28) के आउट होने से स्कोर चार विकेट पर 116 रन हो गया। हिमांशु राणा (17) और सिंधू (40) ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन जोड़े। इस साझेदारी के टूटने के बाद टीम की पारी लड़खड़ा गई।
दूसरी ओर, पृथ्वी शॉ (142 रन) की मदद से पश्चिम क्षेत्र ने अन्य सेमीफाइनल में मध्य क्षेत्र को 501 रन का लक्ष्य दिया है। पृथ्वी ने 140 गेंदों की पारी में 15 चौके और चार छक्के लगाए। अरमान जाफर (49) और विकेटकीपर बल्लेबाज हेत पटेल (67) ने भी उपयोगी योगदान दिया। पश्चिम की पारी 371 रन पर सिमट गई। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर कार्तिकेय सिंह ने दूसरी पारी में तीन विकेट लिए। जवाब में मध्यक्षेत्र ने दो विकेट पर 33 रन बनाए हैं। यश दुबे (14) और हिमांशु मंत्री (18) पवेलियन लौट चुके हैं।