ग्रेटर नोएडा में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में इंडिया रेड के खिलाफ इंडिया ब्लू मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। चेतेश्वर पुजारा ने नाबाद दोहरा शतक जड़कर इंडिया ब्लू को पहली पारी में पांच विकेट पर 650 रनों के पार पहुंचा दिया है।
दोहरे शतक से साथ पुजारा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के लिए टीम इंडिया में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है और बेहतरीन फॉर्म में होने के संकेत भी दे दिए हैं। यह पुजारा के प्रथम श्रेणी करियर का 10वां दोहरा शतक है।
रविवार को पहले दिन के स्कोर 3 विकेट पर 362 रन से आगे खेलना शुरु किया। दिनेश कार्तिक 55 के अपने स्कोर में इजाफा नहीं कर सके और दूसरे दिन की पहली गेंद पर सुमित सांगवान की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए।
कार्तिक के बाद पुजारा का साथ देने उतरे शेल्डन जैक्सन ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और पुजारा के साथ इंडिया ब्लू के स्कोर को 600 रनों के पार पहुंचा दिया। जैक्सन 134 रन पर अमित मिश्रा का शिकार बने। तब स्कोर 605 रन था। पुजारा और जैक्सन के बीच 243 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे रविंद्र जड़ेजा ने तेजी से रन बनाए, इस दौरान पुजारा ने अपने स्कोर को 250 रन के पार पहुंचाया।
दोनों के बीच 88 रनों की साझेदारी हुई। जड़ेजा के 169वें ओवर में 48 रन पर आउट होते ही कप्तान गौतम गंभीर ने इंडिया ब्लू ने 693/6 के स्कोर पर पारी समाप्ति की घोषणा कर दी। 693 रनों के जबाव में बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया रेड की पारी की शुरूआत अच्छी नहीं रही।
तेज गेंदबाज पंकज सिंह के पहले ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर अभिनव मुकुंद और सुदीप चटर्जी वापस पवेलियन लौट गए। अभिनव ने 2 रन बनाए और चटर्जी खाता भी नहीं खोल सके। पहले ओवर की समाप्ति पर इंडिया रेड 2 विकेट के नुकसान पर रन बना लिए हैं।