कप्तान ईशान किशन के शतक की मदद से ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में ईस्ट जोन ने दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में चार विकेट पर 385 रन बनाए। स्टंप्स के समय ईशान 135 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 111 रन और कुमार कुशाग्र 75 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
ईस्ट जोन बनाम साउथ जोन
- फोटो : BCCI Domestic
सही रहा टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला
ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी ने अच्छी शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े थे। इस साझेदारी को चामा मिलिंद ने तोड़ा। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को पवेलियन भेजा। वैभव ने 37 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए। वहीं, ईश्वरन ने अर्धशतक लगाया और वह 86 गेंद में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 72 रन बनाकर रन आउट हुए।
ईशान-कुशाग्र की शानदार साझेदारी
सुदीप कुमार कुछ खास नहीं कर सके और छह रन बनाकर त्रिपुराणा विजय का शिकार बने। शिखर मोहन ने फिर कप्तान ईशान के साथ 94 रन की साझेदारी निभाई। शिखर 120 गेंद में नौ चौके और तीन छक्के की मदद से 85 रन बनाकर मिलिंद की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद ईशान और कुशाग्र ने शानदार बल्लेबाजी की और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी हो चुकी है। ईशान ने शतक लगाया, जबकि कुशाग्र अर्धशतक लगाकर नाबाद हैं। ईस्ट जोन की नजर अब दूसरे दिन बड़े स्कोर पर होगी।
पहले दिन एक शतक और तीन अर्धशतक लगे
ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया। टीम के लिए ईशान ने जहां शतक लगाया तो वहीं तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। अभिमन्यु, शिखर मोहन और कुशाग्र अर्धशतक लगाने में सफल रहे। वहीं, वैभव सूर्यवंशी भी अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन अर्धशतक लगाने से चूक गए। साउथ जोन की ओर से चामा मिलिंग ने दो विकेट लिए, जबकि त्रिपुराणा विजय को एक सफलता मिली।
वैभव और तिलक भिड़े
- फोटो : Twitter
वैभव-तिलक आपस में भिड़े
दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच मुकाबले के दौरान मैदान पर उस समय तनाव देखने को मिला, जब युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच शुरुआत में बातचीत और मजाकिया अंदाज में स्लेजिंग चल रही थी, लेकिन देखते ही देखते यह तीखी बहस में बदल गई। यह घटना ईस्ट जोन की पहली पारी के 11वें ओवर में हुई। तिलक वर्मा लगातार वैभव सूर्यवंशी से बातचीत कर रहे थे और उन्हें उप-कप्तानी को लेकर स्लेज कर रहे थे। इसी दौरान तिलक ने वैभव से कहा, 'क्या यार, ये वाइस-कैप्टन।'
इसके कुछ ही देर बाद माहौल गर्म हो गया। तिलक वर्मा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की ओर बढ़े और हल्का सा शारीरिक इशारा किया, जैसे वह पंच यानी मुक्का मारने की बात कर रहे हों। वैभव भी पीछे नहीं हटे और उन्होंने तुरंत उनका सामना किया। दोनों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अंपायर ने हस्तक्षेप किया और दोनों खिलाड़ियों को अलग किया।