लेग स्पिनर कर्ण शर्मा के कैरियर की श्रेष्ठ गेंदबाजी की बदौलत इंडिया रेड ने डे-नाइट दलीप ट्रॉफी मैच में इंडिया ग्रीन को 170 रन से हरा दिया। इंडिया रेड की ओर से रखे गए 474 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ग्रीन की टीम करुण नायर (120) की शतकीय पारी के बावजूद 303 रन ही बना सकी।
कर्ण ने दूसरी पारी में 94 रन देकर छह विकेट लिए। उन्होंने मैच में 133 रन खर्च कर कुल 10 विकेट लिए जो प्रथमश्रेणी क्रिकेट में उनका श्रेष्ठ प्रदर्शन है। इंडिया ग्रीन के बाकी के चार विकेट तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल ने अपने नाम किए। इंडिया रेड ने अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 307 रन पर घोषित की थी। रेड ने पहली पारी में 323 रन बनाए थे। इंडिया ग्रीन टीम पहली पारी में 157 रन पर ढेर हो गई थी। मैच के चौथे और आखिरी दिन इंडिया ग्रीन के बल्लेबाजों ने पहले से बेहतर बल्लेबाजी की। नायर ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 203 गेंदों पर 13 चौके लगाए। इसके अलावा मयंक डागर ने 45 रन का योगदान दिया।