शेन वाटसन के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की धमकी के बाद ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड और कप्तान माइकल क्लार्क बैकफुट पर आ गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के महाप्रबंधक पैट हॉवर्ड और कप्तान क्लार्क ने कहा कि शेन वाटसन के लिए टीम के दरवाजे बंद नहीं हुए हैं।
क्लार्क ने कहा, 'वाटसन दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। वे हाल के दिनों में जबरदस्त फॉर्म में हैं। मुझे विश्वास है कि वाटसन दोबारा टीम लौटेंगे।' कप्तान ने यह भी आश्वासन दिया कि वाटसन अगर टीम में लौटेंगे तो उन्हें दोबारा उपकप्तान बनाया जाएगा।'
क्लार्क ने कहा कि वाटसन को टीम से बाहर करने की सजा व्यक्तिगत नहीं है। यह टीम हित में साझा रूप से लिया गया फैसला है।
उधर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के महाप्रबंधक पैट हावर्ड ने कहा कि वाटसन के टीम में वापसी के दरवाजे बंद नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा, वाटसन अब भी टीम में वापसी कर सकते हैं। वह अब भी इस दौड़ में बने हुए हैं लेकिन इसके लिए उन्हें टीम अनुशासन में रहना होगा।' पैट ने कहा कि उन्हें जब कभी मौका मिलेगा वे वाटसन से इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे।
हॉवर्ड ने कहा, 'मेरा मानना है कि जो भी भारतीय दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा हैं उन सभी को टीम में अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के लिए जीतना होगा। टीम में कुछ निश्चित मानक हैं। आप अपने हिसाब से टीम में नहीं रह सकते।'
क्या है मामला
पिछले दिनों ऑलराउंडर शेन वाटसन, बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा, तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन व मिचेल जॉनसन को एक मैच के लिए टीम से सस्पेंड कर दिया गया था। इन्हें टीम प्रोटोकाल के उल्लंघन का दोषी पाया गया था।
इस फैसले के बाद अनुभवी वाटसन ने ऑस्ट्रेलिया के एक अखबार दो दिए इंटरव्यू में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की धमकी दे दी थी। साथ ही घरेलू समस्या बताकर दौरे के बीच में ही स्वेदश लौट गए।