भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मैच का इंतजार सभी बेसब्री से कर रहे हैं। यह फाइनल मुकाबला 18 जून से खेला जाना था। लेकिन पहले दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया। साउथम्पटन में खराब मौसम के चलते पहले दिन टॉस तक नहीं हो सका। वहीं दूसरे दिन की बात की जाए तो साउथम्पटन का मौसम थोड़ा बेहतर है। जो क्रिकेट फैन्स के लिए रोमांचित करने वाली खबर है।
टेस्ट मैच के दूसरे दिन खेल होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने साउथम्पटन की एक फोटो शेयर की है। इस तस्वीर में मैदान पर खिली हुई धूप नजर आ रही। फोटो के जरिए पता चल रहा है कि आज दूसरे दिन एजिस बाउल में फाइऩल मैच शुरू हो सकता है।
दिनेश कार्तिक द्वारा ट्वीटर पर पोस्ट की गई इस फोटो में एजिस बाउल में चमकीली धूप दिखाई दे रही है। इससे उम्मीद की जा सकती है कि शनिवार को साउथम्पटन में मौसम अच्छा रहेगा। लेकिन दिन में कई बार बौछार आ सकती है। कार्तिक ने सूरज के निकलने की तस्वीर पोस्ट की है। लेकिन इसके अलावा बैकग्राउंड में बादल दिखाई दे रहे हैं।
अच्छी बात ये है कि आउटफील्ड सूखी है और पिच पर कवर नहीं थे। गुरुवार को शहर में दिन भर हुई लगातार बारिश के बाद पानी जमा हो गया था। रुकने की अपेक्षा ज्यादा बारिश हुई। जिसके चलते आउटफील्ड गीली हुई। लेकिन वहीं शनिवार को एकदम अलग तरह का मौसम है।
शनिवार की बात की जाए तो पहले आधा दिन तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है। इसके बाद सूरज और बादलों के बीच आंख मिचोली का खेल शुरू होगा। दोपहर के बाद बारिश होने के पूरे आसार हैं। वहीं शाम के वक्त चीजें थोड़ा मुश्किल हो सकती हैं।