वेंकटेश अय्यर, सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक टीम इंडिया के युवा खिलाड़ियों से काफी प्रभावित हैं। आईसीसी के लिए एक वीडियों में बातचीत के दौरान कार्तिक ने श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर और हर्षल पटेल की जमकर तारीफ की है। कार्तिक 2019 के बाद से टीम इंडिया से बाहर हैं, लेकिन अभी भी भारतीय टीम में वापसी की चाहत रखते हैं। हालांकि, वेंकटेश अय्यर, सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर के शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में उनकी वापसी बहुत मुश्किल हो चुकी है।
कार्तिक ने कहा है हर्षल पटेल पिछले कुछ समय में भारत के लिए सबसे बड़ी खोज रहे हैं। इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल 2021 में शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली और अब वे भारत के लिए भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ चमके युवा खिलाड़ी
भारत ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ कर दिया। इस सीरीज में भारत के युवा खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। खासकर सूर्यकुमार यादव और वेंकटेश अय्यर ने आखिरी के ओवरों में बेहतरीन बल्लेबाजी की। वहीं श्रीलंका के खिलाफ पहले टी-20 में श्रेयस अय्यर ने कमाल किया। इसके बाद कार्तिक ने तीनों खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है।
हर्षल के कायल हुए कार्तिक
आईसीसी रिव्यू के ताजा वीडियो में कार्तिक ने कहा "हर्षल पटेल को देखना सुखद है। वो भारत के लिए शानदार खोज रहे हैं। मुझे लगता है कि खिलाड़ी आ रहे हैं और मौका मिलने पर दोनों हाथों से उसे लपक रहे हैं। यह हमेशा से ही अच्छा संकेत होता है।" वहीं भारत के नंबर एक टी-20 टीम बनने पर उन्होंने कहा कि कौन दुनिया में नंबर एक नहीं बनना चाहेगा अगर यह कुछ समय के लिए मिले।
उन्होंने कहा "आने वाले समय में बाकी टीमें भी मैच खेलेंगी और आईपीएल के बाद भारत भी मैच खेलेगा। ऐसे में यह बदल सकता है। लेकिन मौजूदा समय में यह सुनना कि भारत दुनिया की नंबर एक टी-20 टीम है, बहुत ही अच्छा महसूस कराता है।"
मजबूत बेंच स्ट्रेंथ होना सुखद
कार्तिक ने युवा खिलाड़ियों के अच्छा प्रदर्शन करने पर कहा कि खिलाड़ियों के अंदर काफी प्रतिभा है। जब आप लंबे समय तक अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों के बारे में बात करते हैं तो हमेशा मजबूत बेंच स्ट्रेंथ की बात होती है। यह बहुत जरूरी है और भारत के पास मजबूत बेंच स्टेंथ है।