किसी भी परिस्थिति में टीम को जीत दिलाने में माहिर भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तुलना एक ब्रिटिश अखबार ने महान खिलाड़ी माइकल जोर्डन से की है।
अखबार ने लिखा है कि 21वीं सदी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में धोनी से अच्छा उम्मीदवार कोई नहीं हो सकता। धोनी न केवल भारतीय टीम को दबाव की स्थिति में कई मैच जितवा चुके हैं बल्कि आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स को भी कई बार बेहद नाजुक मोड़ से जीत की मंजिल तक पहुंचा चुके हैं।
कठिन परिस्थितियों में टीम को जीत दिलाने की धोनी की इस खासियत से प्रभावित होकर टेलीग्राफ के मशहूर लेखक साइमन ह्यूज ने लिखा है कि जोर्डन जहां 20वीं सदी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी थे तो धोनी 21वीं सदी के शुरुआत में ही इसके प्रबल दावेदार बन गए हैं।
खेल लेखक ने जोर्डन की काबिलियत को याद करते हुए लिखा है कि किस तरह वह सिकागो बुल्स को एनबीए मैचों में बेहद नाजुक पलों में जिताते थे और विपक्षी बेबस होकर बस देखते ही रह जाते थे।
उनकी तुलना धोनी से करते हुए उन्होंने आगे लिखा है कि धोनी भी टीम इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कुछ इसी तरह करते हैं।
साइमन ने लिखा है, "बृहस्पतिवार को चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से धोनी को खेलते हुए जब एक बार और देखा तो मुझे अचानक जार्डन की याद आ गई। आखिरी चार ओवर में जीत के लिए 46 रन चाहिए थे। इसी दौरान दो बल्लेबाज बोल्ड भी हो गए। मुझे लगा कि धोनी इस बार लेट हो गए हैं लेकिन दुनिया के नंबर वन गेंदबाज के आगे उन्होंने टीम को जीत दिला दी।"