टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में धोनी अपने मुंह से खून थूकते हुए नजर आ रहे हैं। इस वजह से क्रिकेट फैंस भी धोनी को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।
दरअसल इंग्लैंड के खिलाफ मैच में धोनी को ये चोट लगी थी जिसके बाद भी उन्होंने खेलना जारी रखा। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया इंग्लैंड के 337 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। 47 ओवर के बाद धोनी 20 गेंदों में 26 रन और केदार जाधव 6 गेंदों में 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
उसके बाद 48वें ओवर की पहली गेंद पर मार्क वुड की एक तेज गेंद उछाल लेते हुए धोनी के अंगूठे में जा लगी। हालांकि धोनी ने उसके बाद खेलना जारी रखा और 50 ओवर के बाद 31 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पवेलियन लौटने के दौरान ही धोनी ने अपने चोटिल अंगूठे को चूसने के बाद उससे बह रहे खून को थूका, जिसकी तस्वीर बाद में वायरल हुई। चोट ज्यादा गंभीर नहीं होने की वजह से धोनी बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में भी खेलते दिखे और बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग भी की।