इस विश्व कप में जब-जब रोहित शर्मा का बल्ला चला है भारत ने बड़ा स्कोर खड़ा किया है। शिखर धवन के जाने के बाद उनकी महत्वता और भी बढ़ गई है। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 140 रन की पारी खेल यह बताया भी, लेकिन रोहित अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ नहीं चले। नतीजन टीम तीन सौ का स्कोर पार नहीं कर सकी।
हालांकि रोहित (18) विवादास्पद अंदाज में आउट हुए अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ ने उन्हें आउट नहीं दिया था। होल्डर ने रिव्यू लिया। अल्ट्रा एज में एज दिखाई दी, लेकिन रीप्ले से यह साफ नहीं हो रहा था कि गेंद का बल्ले से संपर्क हुआ है या फिर पैड से, लेकिन थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। रोहित ने इस पर निराशा भी जताई।
राहुल (48) ने विराट (72) के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े लेकिन रनों की रफ्तार ज्यादा नहीं थी। विंडीज गेंदबाज गेंद को छोटा रखने की बजाय ऊपर फेंक रहे थे। होल्डर ने इसी का फायदा उठा राहुल को बोल्ड किया।
रोहित और राहुल के आउट होने के बाद सारी जिम्मेदारी कप्तान कोहली के कंधों पर थी। पिछले चार मैचों की तरह यहां भी उन्होंने अच्छी शुरुआत की। उन्होंने 55 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया। यह इस विश्व कप में उनका लगातार चौथा पचासा था, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला।
केमार रोच ने पहले नंबर चार पर आए विजय शंकर (14) और उसके बाद यहां धोनी से ऊपर खेलने आए केदार जाधव (7) को आउट कर भारतीय मध्यक्रम की कमजोरी को पूरी तरह उजागर कर दिया। धोनी अगर आउट हो गए होते तो टीम बड़ी दिक्कत में होती। जब लग रहा था विराट शतक बनाएंगे तो होल्डर की पटकी गेंद को मिड विकेट से ऊपर उड़ाने के चक्कर में उन्हें ब्रावो ने लपक लिया।
स्कोर 180 पर पांच था यहां हार्दिक पंड्या ने धोनी के साथ मिलकर आतिशी पारी खेली। यह उनके 38 गेंद में 46 रन थे जिसने भारत को संकट से उबारा। अंतिम ओवर में धोनी ने थामस पर दो छक्के जड़ भारत को सम्मानजनक सात विकेट पर 268 रनों के स्कोर पर पहुंचाया।
भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 13 अंकों की दरकार है। वेस्टइंडीज को हराने के बाद उसके अब 11 अंक हो गए हैं। वैसे 12 अंकों पर ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, लेकिन भारत का न्यूजीलैंड से मुकाबला धुल गया था। जिसके चलते उसे एक अंक से काम चलाना पड़ा। वेस्टइंडीज भारत से हारकर विश्व कप से बाहर हो गया है। इसके साथ टूर्नामेंट की होड़ में ऑस्ट्रेलिया के अलावा भारत, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका बचे हैं।