शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल के बेहतरीन शतकों के बूते इंडिया 'सी' ने इंडिया 'ए' को 232 रन के विशाल अंतर से रौंदा। रांची में खेले जा रहे देवधर ट्रॉफी में शुक्रवार को भारतीय युवा बल्लेबाज शुभमन गिल का तूफानी अंदाज देखने को मिला। इंडिया सी के बल्लेबाजों की बेहतरीन बल्लेबाजी की वजह से इस इंडिया सी ने निर्धारित 50 ओवर्स में 3 विकेट पर 366 रन बनाकर इतिहास रच दिया।
यह देवधर ट्रॉफी इतिहास का सर्वाधिक स्कोर था। जवाब में हनुमा विहारी की अगुवाई वाली इंडिया 'ए' टीम 29.5 ओवर्स में महज 134 रन पर ही सिमट गई। इंडिया सी के गेंदबाज जलज सक्सेना ने 7 विकेट लिए। जबकि ईशान पोरेल ने दो और धवल कुलकर्णी ने एक सफलता अर्जित की। यह इस टूर्नामेंट में इंडिया सी की पहली जीत रही जबकि इंडिया ए को लगातार दूसरे मैच में भी हार का सामना करना पड़ा।
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट टीम में शामिल किए गए शुभमन ने 142 गेंदों का सामना करते हुए 143 रन की पारी खेल डाली। गिल ने अपनी पारी में 10 चौके व छह छक्के उड़ाए। पहले विकेट के लिए मयंक अग्रवाल व शुभमन गिल के बीच 226 रन की साझेदारी हुई।
बेहतरीन फॉर्म में चल रहे भारतीय टेस्ट सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने भी शतक जमाया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन और विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद मयंक अग्रवाल ने देवधर ट्रॉफी के इस सीजन के पहले ही मैच में 111 गेंदों पर 120 रन की तूफानी पारी खेली डाली। मयंक ने अपनी पारी में 15 चौके व एक छक्का लगाया। वहीं 248.28 के तूफानी स्ट्राइक रेट से सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए।