भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में पहला टी20 मुकाबला खेला जाना है। हालांकि, इस मैच पर संकट के बादल छा गए थे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) से अपील की है कि वह इस मुकाबले को रिशेड्यूल करे। अब इस पर डीडीसीए की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। डीडीसीए ने स्पष्ट किया है कि मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। मालूम हो कि भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की सीरीज के सभी मुकाबले दिल्ली में ही होने हैं।
भारत बनाम अफगानिस्तान
- फोटो : ANI
दिल्ली में होने हैं मुकाबले
भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला टी20 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को होगा। यानी भारत और अफगानिस्तान के बीच पूरी टी20 सीरीज पांच दिनों के भीतर पूरी होनी है। पहले टी20 में अब ज्यादा समय शेष नहीं रह गया है, लेकिन इससे पहले ही इस मुकाबले पर संकट के बाद छा गए हैं।
डीडीसीए से क्यों की अपील?
दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है। इसके लिए राजधानी में कई वीवीआईपी मेहमान आएंगे। यही कारण है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने डीडीसीए ने पहला टी20 रिशेड्यूल करने का आग्रह किया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को ही अरुण जेटली स्टेडियम में पहला टी20 होना है। डीडीसीए ने हालांकि, कहा है कि ये उनका इवेंट नहीं है और अगर तारीफ में कोई बदलाव किया जाता है तो वह इस बारे में सूचित करेंगे।
डीडीसीए को किया आश्वस्त
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की अपील पर डीडीसीए ने जवाब दिया है। डीडीसीए ने ट्रैफिक पुलिस को आश्वस्त किया है कि मैच में दिक्कत नहीं आएगी। डीडीसीए ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, भारत-अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाला पहला टी20 मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद डीडीसीए को सभी जरूरी मदद और इंतजामों का भरोसा दिलाया गया है। मैच स्थगित नहीं होगा।
ब्रिक्स 2026
- फोटो : Amar Ujala
ब्रिक्स सम्मेलन के लिए कड़ी सुरक्षा
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ब्रिक्स-2026 के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने कुछ हवाई गतिविधियों पर रोक लगाई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश 10 सितंबर, 2026 से प्रभावी होकर 14 सितंबर, 2026 तक लागू रहेगा। ब्रिक्स सम्मेलन में 11 सदस्य देशों और साझेदार देशों के नेता व वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होने वाले हैं। इसे देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा, यातायात, होटल, एयरपोर्ट और विदेशी नेताओं की आवाजाही को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सम्मेलन की सुरक्षा के लिए करीब 30 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। एयरपोर्ट, विदेशी नेताओं के ठहरने वाले 11 होटलों और भारत मंडपम के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है।
इस सीरीज के लिए दोनों टीमें:
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी*, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर*, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर।
अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अमतुल्लाह ओमरजाई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगेलिया खरोटे, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक।
रिजर्व: इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल, फरीद अहमद मलिक।