टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही थी। पहले छह ओवर में ही दिल्ली कैपिटल्स ने पांच विकेट गंवा दिए थे। यह इस सीजन पहली बार है जब किसी टीम ने पावरप्ले में पांच विकेट गंवा दिए। मोहम्मद शमी ने मैच की पहली ही गेंद पर गुजरात को सफलता दिलाई।
उन्होंने फिलिप सॉल्ट को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। सॉल्ट खाता भी नहीं खोल सके और गोल्डन डक का शिकार हुए। इसके बाद दूसरे ओवर में कप्तान डेविड वॉर्नर रन आउट हो गए। पारी के तीसरे और अपने दूसरे ओवर में शमी ने राइली रूसो को आउट किया। रूसो छह गेंदों में आठ रन बना सके।
इसके बाद अपने तीसरे ओवर में शमी ने मनीष पांडे और प्रियम गर्ग का विकेट लिया। मनीष एक रन और प्रियम 10 रन बना सके। 23 रन पर दिल्ली ने पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अक्षर पटेल ने अमन हकीम खान के साथ छठे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी निभाई। अक्षर पटेल को मोहित शर्मा ने पवेलियन भेजा। वह 30 गेंदों में 27 रन बना सके।
इसके बाद अमन ने रिपल पटेल के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी निभाई। अमन ने 41 गेंदों पर आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने छक्के का साथ फिफ्टी पूरी की।
अमन 44 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें राशिद खान ने पवेलियन भेजा। रिपल 13 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात की ओर से शमी ने चार ओवर में 11 रन देकर चार विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 2.80 की रही। मोहित शर्मा ने दो विकेट लिए। वहीं, राशिद खान ने एक विकेट लिया।
131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत भी खराब रही थी। शून्य पर टीम ने ऋद्धिमान साहा के रूप में पहला विकेट गंवा दिया था। साहा खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद दो इनफॉर्म बल्लेबाज शुभमन गिल छह रन और विजय शंकर छह रन बनाकर आउट हुए।
डेविड मिलर खाता भी नहीं खोल सके। हार्दिक पांड्या और अभिनव मनोहर ने पांचवें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी निभाई। मनोहर 26 रन और राहुल तेवतिया 20 रन बनाकर आउट हुए। मनोहर ने अपनी पारी में एक छक्का और तेवतिया ने अपनी पारी में तीन छक्के लगाए।
हार्दिक 53 गेंदों में सात चौके की मदद से 59 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। दिल्ली की ओर से खलील अहमद और ईशांत शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, एनरिक नॉर्त्जे और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।