दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने टीम के पूर्व कप्तान ऋषभ पंत के लिए भावुक संदेश दिया है। पंत और दिल्ली का नौ साल का साथ अब टूट गया है। लखनऊ ने पंत के लिए 20.75 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन दिल्ली ने राइट टू मैच कार्ड का प्रयोग किया। हालांकि, लखनऊ ने फिर 27 करोड़ का प्रस्ताव दिया और दिल्ली ने हाथ पीछे खींच लिए।
जिंदल ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट कर जरिये पंत के लिए भावुक संदेश लिखा और उम्मीद जताई है कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज भविष्य में फिर टीम से जुड़ेगा। जिंदल ने लिखा, ऋषभ तुम मेरे छोटे भाई हो और हमेशा रहोगे। मैं तहेदिल से तुम्हें प्यार करता हूं। मैने हमेशा कोशिश की कि यह सुनिश्चित करूं कि तुम खुश हो और तुम्हारे साथ अपने परिवार की तरह रहा। तुम्हे जाता देखना दुखद है और मैं इसे लेकर काफी भावुक हूं। तुम हमेशा दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहोगे और उम्मीद है कि एक दिन हम फिर साथ होंगे। शुक्रिया ऋषभ। याद रखना कि हम हमेशा तुमसे प्यार करते रहेंगे। दुनिया जीत लो। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से शुभकामनाएं।
मेगा नीलामी पंत की रही मांग
मेगा नीलामी में पंत को लेने के लिए कई टीमों ने रुचि जताई थी। सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), दिल्ली और लखनऊ के बीच पंत को लेने के लिए होड़ लगी थी। नीलामी में जब पंत की रकम 11 करोड़ पहुंची तो आरसीबी पीछे हट गया, लेकिन लखनऊ और हैदराबाद के बीच 20.50 करोड़ तक वार होती रही। इसके बाद हैदराबाद भी पीछे हट गया। दिल्ली के आरटीएम कार्ड इस्तेमाल करने के कारण पंत रिकॉर्ड दाम पर बिके। पंत आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा दाम पर बिकने वाले खिलाड़ी बन गए थे।
पंत ने भी किया था पोस्ट
जिंदल से पहले पंत ने भी फ्रेंचाइजी और प्रशंसकों को धन्यवाद कहा था। पंत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, विदाई लेना कभी आसान नहीं होता। दिल्ली कैपिटल्स के साथ सफर अद्भुत से कम नहीं रहा। मैदान के रोमांच से लेकर मैदान के बाहर के पल तक, मैं उन तरीकों से विकसित हुआ हूं जिनकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। मैं एक युवा के तौर पर इस टीम से जुड़ा था और पिछले नौ साल तक टीम के साथ रहा।
पंत ने प्रशंसकों के लिए लिखा, इस यात्रा को सार्थक बनाने वाले आप, प्रशंसक हैं। आपने मुझे गले लगाया, मेरा हौसला बढ़ाया और मेरे जीवन के सबसे कठिन दौर में मेरे साथ खड़े रहे। अब मैं आगे बढ़ रहा हूं तो मैंने अपने दिल में आपका प्यार और समर्थन साथ रखा है। जब भी मैं मैदान पर उतरूंगा तो आपका मनोरंजन करने के लिए तत्पर रहूंगा। मेरा परिवार बनने और इस यात्रा को इतना खास बनाने के लिए धन्यवाद।