अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी यूपी की टीम
212 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी ने अच्छी शुरुआत की। दो ओवर में यूपी ने बिना कोई विकेट खोए 22 रन बना लिए थे, लेकिन इसके जेस जॉनसन ने एक ही ओवर में एलिसा हीली और किरण नवगिरे को आउट कर यूपी को बैकफुट में ढकेल दिया। कप्तान हीली 17 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, नवगिरे दो गेंद में दो रन ही बना पाईं। इसके बाद श्वेता सेहरावत भी छह गेंद में एक रन बनाकर आउट हो गईं।
यूपी ने दो रन के अंतराल में तीन विकेट गंवा दिए और टीम का स्कोर तीन विकेट पर 31 रन हो गया। यहां से यूपी के लिए मैच जीतना बेहद मुश्किल हो गया था। शुरुआती दो ओवर में 22 रन बनाने वाली टीम पावरप्ले में तीन विकेट खोकर 33 रन ही बना पाई। इसके बाद ताहिला मैकग्राथ और दीप्ति शर्मा ने साझेदारी कर विकेटों का पतन रोका, लेकिन जरूर रन रेट पर लगाम नहीं रख पाईं। 10 ओवर का खेल होने तक यूपी ने तीन विकेट पर 71 रन बनाए। आखिरी 10 ओवर में यूपी को जीत के लिए 141 रन की जरूरत थी। ऐसे में दिल्ली की जीत लगभग तय हो चुकी थी। इसके बाद दीप्ति शर्मा भी 20 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो गईं।
ताहिला की 90 रन की पारी बेकार
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं ताहिला मैकग्राथ ने एक छोर पर लड़ाई जारी रखी और यूपी का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने 36 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, तब तक देविका वैद्य 21 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हो चुकी थीं और 120 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद यूपी के लिए मैच जीतना असंभव के समान हो गया था।
ताहिला मैकग्राथ ने 50 गेंद में 11 चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 90 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर पर उन्हें किसी का साथ नहीं मिला और यूपी की टीम 42 रन से मैच हार गई। दिल्ली के लिए जेस जॉनसन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। मारिजाने कैप और शिखा पांडे को एक-एक विकेट मिला।
लेनिंग के अर्धशतक ने रखी बड़े स्कोर की नींव
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन बाद में शेफाली वर्मा और कप्तान लेनिंग ने अपने गियर बदले। दोनों ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाते हुए बड़े शॉट खेले। इसी वजह से दिल्ली ने शुरुआती छह ओवर में ही 62 रन जोड़ दिए थे। इसके बाद शेफाली वर्मा 14 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन लेनिंग दूसरे छोर पर जमी रहीं। उन्होंने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
दिल्ली ने नौ ओवर में 87 रन बना लिए थे। इसके बाद बारिश की वजह से मैच रुका, लेकिन लेनिंग की आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही। इस बीच मारिजाने कैप भी 12 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो गईं। अगले ही ओवर में कप्तान लेनिंग भी 42 गेंद में 70 रन बनाने के बाद पवेलियन लौट गईं और ऐसा लगा कि यूपी की टीम मैच में वापसी कर लेगी। हालांकि, एलिस कैप्सी ने ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने 10 गेंद में 21 रन की तूफानी पारी खेलकर दिल्ली को मैच में वापस ला दिया।