सैयद मुश्ताक अली ट्वंटी-20 टूर्नामेंट में दिल्ली ने अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए जम्मू एंड कश्मीर को 17 रन से पीट दिया। दिल्ली की यह लगातार तीसरी जीत है लेकिन उसके स्टार बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग टूर्नामेंट में एक बार फिर नहीं चले।
इस जीत के बाद दिल्ली के 12 अंक हो गए हैं और उसने नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली है। नॉकआउट मैच रांची में खेले जाएंगे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने छह विकेट पर 133 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में जम्मू एंड कश्मीर की टीम नौ विकेट पर 116 रन ही बना सकी।
दिल्ली की शुरुआत हालांकि खराब रही और ओपनर वीरेंद्र सहवाग मात्र चार रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान रजत भाटिया भी तीन रन बनाकर चलते बने। ऐसे में मिलिंद कुमार ने 40, जागृत आनंद ने 34 और उन्मुक्त चंद ने 23 रन की पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जम्मू की ओर से आसिफ रसूल और रमण दत्ता ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू की भी शुरुआत खराब रही और ओपनर अहमद बैंडी खाता भी नहीं खोल सके। बंदीप सिंह ने 32, परवेज रसूल ने 26 और मनीष डोगरा ने 20 रन की पारी खेल टीम को जीत दिलाने की भरसक कोशिश की लेकिन रजत भाटिया ने तीन विकेट लेकर उसके मंसूबे पर पानी फेर दिया।