दिल्ली एवं जिल क्रिकेट संघ (डीडीसीए) को अरुण जेटली स्टेडियम में बम की धमकी मिली जिसके बाद बम निरोधी दस्ता, डॉग स्क्वाड के साथ दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्टेडियम की जांच की। हालांकि अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम में बम की खबर अफवाह निकली।
स्टेडियम में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा ने कहा, 'डीडीसीए के ई-मेल पर हमें बम की धमकी मिली। हमने तुरंत ही इसे दिल्ली पुलिस को भेजा। दिल्ली पुलिस की बम निरोधी दस्ता की टीम स्टेडियम में आई और उन्होंने पूरे वेन्यू की जांच की, लेकिन कुछ भी नहीं मिला।' दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद कई टीमें स्टेडियम पहुंची और उन्होंने स्टेडियम की अच्छी तरह जांच की। सूत्रों ने बताया, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन फिर भी हमने स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।
वहीं, चेन्नई में बम की धमकी दी गई और कहा गया कि अगर यहां क्रिकेट मुकाबले हुए तो बम फट जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा कि धमकी ई-मेल के जरिये दी थी।