आईपीएल के नौवें संस्करण में दिल्ली डेयरडेविल्स के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी दिखी है। लिहाजा प्लेऑफ में पहुंचने उसे जूझना पड़ रहा है। ऐसे में अंकतालिका में शीर्ष पर काबिज सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शुक्रवार को होने वाला मैच उसके लिए करो या मरो का मुकाबला है। प्लेऑफ की होड़ में बने रहने के लिए दिल्ली को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। इस समय अंक तालिका में उसके 12 मैचों में 12 अंक है। लिहाजा उसे जीत की दरकार है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में एक हार उसे बाहर का रास्ता दिखा सकती है।
दूसरी ओर सनराइजर्स की टीम प्लेऑफ में पहले ही पहुंच चुकी है। उसके 12 मैचों में 16 अंक है और वह तालिका में टॉप पर है। उसके लिए यह मैच औपचारिकता है। लेकिन हैदराबाद की टीम यह मैच जीतकर अपनी लय बरकरार रखना चाहेगी। डेयरडेविल्स को प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को उस समय बड़ा झटका लगा था जब वह अपना पिछला मैच राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस से डकवर्थ लुइस नियम से महज 19 रन से हार गई। इस मैच में केवल करुण नायर और क्रिस मौरिस ने क्रमश: 41 और 38 रन बनाकर बेहतरीन योगदान दिया था।