आरसीबी की अच्छी शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी की टीम ने अच्छी शुरुआत की। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस ने पहले विकेट के लिए 28 गेंद में 42 रन जोड़े। प्लेसिस 16 गेंद में 22 रन बनाकर मिचेल मार्श का शिकार बने। अमन हकीम खान ने शानदार कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेजा। इसके बाद विराट ने महिपाल लोमरोर के साथ भी 47 रन की साझेदारी की और अपनी टीम का स्कोर 89 रन तक ले गए। इस बीच उन्होंने 33 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह यश धुल को कैच थमा बैठे। कोहली ललित यादव की फुल टॉस गेंद पर छक्का लगाना चाहते थे और बाउंड्री लाइन पर पकड़े गए।
आरसीबी का मध्यक्रम फेल
कोहली के आउट होने के बाद ग्लेन मैक्लवेल ने महिलपाल लोमरोर के साथ मिलकर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। लोमरोर ने 13वें ओवर में मिचेल मार्श की गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह विकेटकीपर अभिषेक पोरेल को कैच थमा बैठे। उन्होंने 18 गेंद में 26 रन बनाए। उनके आउट होते ही आरसीबी का मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया। पांचवें नंबर पर आए हर्षल पटेल अगले ही ओवर में चार गेंद में छह रन बनाकर आउट हो गए। अगली ही गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल आउट हो गए। उन्होंने 14 गेंद में 24 रन बनाए। दिनेश कार्तिक भी पहली ही गेंद पर ललित यादव को कैच देकर पवेलियन लौट गए।
कुलदीप यादव ने दो लगातार गेंदों पर विकेट लिए, लेकिन अपनी हैट्रिक नहीं पूरी कर सके। 132 रन पर आरसीबी ने छह विकेट गंवा दिए थे। इसी स्कोर पर टीम के तीन विकेट गिरे थे। इस वजह से यह टीम आखिरी के ओवरों में तेजी से रन नहीं बना सकी और 200 का स्कोर बनाने से चूक गई। हालांकि, शाहबाज अहमद ने अनुज रावत के साथ मिलकर उपयोगी साझेदारी की और 42 रन जोड़े। इसी वजह से आरसीबी की टीम छह विकेट खोकर 174 रन बनाने में सफल रही।
200 का स्कोर बनाने से चूकी आरसीबी
शाहबाज अहमद ने 12 गेंद में नाबाद 20 रन बनाए, लेकिन अनुज रावत 22 गेंद में 15 रन ही बना सके। अगर वह अपने नाम के अनुरूप बल्लेबाजी करते तो बैंगलोर के पास 200 रन के स्कोर तक पहुंचने का मौका था। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव और मिचेल मार्श ने दो-दो विकेट लिए। अक्षर पटेल और ललित यादव को एक-एक विकेट मिला।
दिल्ली की खराब शुरुआत
175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। पृथ्वी शॉ और मिचेल मार्श खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। इसके बाद यश धुल भी एक रन बनाकर आउट हो गए। दो रन के स्कोर पर दिल्ली के तीन विकेट गिर गए थे और यह टीम मुश्किल में थी। इसके बाद वॉर्नर और मनीष पांडे के बीच साझेदारी हुई, लेकिन वॉर्नर भी 19 रन बनाकर आउट हो गए। इसके साथ ही दिल्ली ने 30 रन पर चार विकेट गंवा दिए और दिल्ली की हार लगभग तय हो गई।
अभिषेक पोरेल पांच और अक्षर पटेल 21 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच मनीष पांडे एक छोर पर रन बनाते रहे। वह 38 गेंद में 50 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अमन हकीन खान ने 18 और ललित यादव चार बनाकर आउट हुए। अंत में एनरिच नोर्त्जे 14 गेंद में 23 रन और कुलदीप यादव सात रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों ने आखिरी के ओवरों में तेजी से रन बनाकर हार का अंतर कम किया।
आरसीबी के तेज गेंदबाजों ने किया कमाल
इस मैच में आरसीबी के तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजयकुमार ने तीन और सिराज ने दो विकेट अपने नाम किए। वेन पार्नेल और सिराज को एक-एक विकेट मिला। वनिंदु हसरंगा ने एक विकेट लिया।