दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत आरसीबी के खिलाफ बेहद खराब रही। टीम ने महज सात रन अंदर ही पांच विकेट गंवा दिए। इस टूर्नामेंट में दूसरे न्यूनतम स्कोर पर दिल्ली की टीम ने अपने पांच विकेट गंवाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच आईपीएल 2026 का मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। आरसीबी ने टॉस जीतकर दिल्ली को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। दिल्ली ने चार ओवर के अंदर ही छह विकेट गंवा दिए। आरसीबी ने दिल्ली को लगातार झटके पर झटके दिए।
विज्ञापन
साहिल के लिए यादगार नहीं रहा डेब्यू मैच
इससे पहले, आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। कप्तान रजत पाटीदार ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली ने तीन बदलाव किए। दिल्ली के लिए साहिल परख ने डेब्यू किया। काइल जैमीसन और दुष्मंथा चमीरा को मौका मिला। साहिल के लिए डेब्यू मैच यादगार नहीं रहा। भुवनेश्वर कुमार ने साहिल परख को पारी की दूसरी ही गेंद पर बोल्ड किया। वह डेब्यू मुकाबले में खाता भी नहीं खोल पाए।
आईपीएल 2026
- फोटो : IPL
कोच्चि के नाम है न्यूनतम स्कोर पर पांच विकेट गंवाने का अनाचाहा रिकॉर्ड
दिल्ली की शुरुआत इतनी खराब रही है कि उसकी आधी टीम महज सात रन पर पवेलियन लौट गई। आईपीएल में यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है जब किसी टीम ने इतने कम स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए। इससे पहले कोच्चि टस्कर केरला ने 2011 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ छह रन पर पांच विकेट गंवाए थे। वहीं, इसी सीजन राजस्थान रॉयल्स की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नौ रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे।
भुवनेश्वर-हेजलवुड ने बरपाया कहर
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने कहर बरपाया और दिल्ली की पारी ही लड़खड़ा दी। साहिल के आउट होने के बाद हेजलवुड ने केएल राहुल और समीर रिजवी को आउट किया। फिर भुवनेश्वर ने ट्रिस्टन स्टब्स को अपना शिकार बनाया। भुवनेश्वर ने इसके बाद दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल को पवेलियन की राह दिखाई, जबकि हेजलवुड ने नीतीश राणा को आउट कर दिल्ली को छठा झटका दिया और उनकी पारी लड़खड़ा दी।
आईपीएल में टूटा 17 साल पुराना रिकॉर्ड
दिल्ली की टीम पावरप्ले में महज 13 रन ही बना सकी जो इस टूर्नामेंट में पहले छह ओवर में बना न्यूनतम स्कोर है। आईपीएल में 17 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा है। इससे पहले आईपीएल में पावरप्ले में न्यूतनम स्कोर का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम था जिन्होंने 2009 में आरसीबी के खिलाफ दो विकेट पर 14 रन बनाए थे। इस तरह दिल्ली के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
पहले ओवर में 29वीं बार मिला विकेट
भुवनेश्वर ने पहले ही ओवर में आरसीबी को सफलता दिलाई। भुवनेश्वर पहले ओवर में विकेट लेने के लिए जाने जाते हैं। यह 29वीं बार है जब वह पहले ओवर में विकेट ले चुके हैं। आईपीएल में पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भुवनेश्वर दूसरे गेंदबाज हैं। इस मामले में उनसे ज्यादा विकेट ट्रेंट बोल्ट ने लिए हैं। बोल्ट ने आईपीएल के पहले ओवर में 32 बार विकेट चटकाए हैं।