दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आईपीएल 2022 के 32वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को नौ विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने सीजन का सबसे कम स्कोर बनाया। टीम 115 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पंजाब के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। जवाब में दिल्ली की टीम ने 10.3 ओवर में एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पृथ्वी शॉ ने 20 गेंदों पर 41 रन और डेविड वार्नर ने 30 गेंदों पर 60 रन की नाबाद पारी खेली।
दिल्ली की टीम ने यह मैच 11वें ओवर में ही जीत लिया। इसलिए उनका नेट रन रेट काफी बढ़ा है। ऋषभ पंत की टीम अब छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ छह अंक लेकर प्वाइंट्स टेबल में छठे नंबर पर आ गई है। वहीं, पंजाब की टीम की यह सात मैचों में चौथी हार रही। टीम तीन जीत और छह अंक के साथ आठवें नंबर पर है। पंजाब का नेट रन रेट काफी कम है। दिल्ली की टीम अब 22 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। वहीं, पंजाब की टीम 25 अप्रैल को चेन्नई के खिलाफ उतरेगी।
सातवें ओवर में 83 के स्कोर पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम को पहला झटका लगा। पृथ्वी शॉ 20 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें राहुल चाहर ने नाथन एलिस के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में शॉ ने सात चौके और एक छक्का लगाया। फिलहाल डेविड वार्नर और सरफराज खान क्रीज पर हैं।
डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ ने दिल्ली कैपिटल्स को तेज शुरुआत दिलाई है। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 81 रन है। पृथ्वी शॉ 18 गेंदों में 40 रन और डेविड वार्नर 18 गेंदों में 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह इस सीजन पावरप्ले में बनाया गया हाईएस्ट स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम था। उन्होंने लखनऊ के खिलाफ ब्रेबोर्न में पहले छह ओवर में एक विकेट गंवाकर 73 रन बनाए थे।
डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ ने दिल्ली कैपिटल्स को तेज शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन है। पृथ्वी शॉ 10 गेंदों में 26 रन और डेविड वार्नर आठ गेंदों में 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
दिल्ली के ओपनर्स डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ मैदान पर आ चुके हैं। उन्होंने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। पहले ओवर में दोनों ने मिलकर 14 रन बनाए। पंजाब ने दिल्ली के सामने 116 रन का लक्ष्य रखा है।
पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 10 विकेट पर 115 रन बनाए। आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह के रनआउट होते ही टीम ऑल आउट हो गई। दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 116 रन का लक्ष्य मिला। पंजाब ने सीजन का लोएस्ट स्कोर बनाया। उसने कोलकाता नाइटराइडर्स को पीछे छोड़ा। कोलकाता ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 128 रन बनाए थे। पंजाब के लिए मैच में जितेश शर्मा ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। मयंक अग्रवाल ने 24, शाहरुख खान ने 12 और राहुल चाहर ने 12 रन बनाए। टीम के सात बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सके। दिल्ली के लिए अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, ललित यादव और खलील अहमद ने 2-2 विकेट लिए। मुस्तफिजुर रहमान ने एक विकेट लिए।
ललित यादव ने राहुल चाहर को आउट कर पंजाब किंग्स को नौवां झटका दिया। चाहर ने 12 गेंदों पर 12 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। ललित को मैच में दूसरी सफलता मिली। उन्होंने इससे पहले शिखर धवन को आउट किया था।
पंजाब किंग्स के विस्फोटक बल्लेबाज शाहरुख खान एक बार फिर फेल हो गए। उन्होंने 20 गेंदों पर सिर्फ 12 रन बनाए। शाहरुख के बल्ले से एक भी चौका या छक्का नहीं निकला। खलील अहमद ने उन्हें ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया।
कुलदीप यादव ने 14वें ओवर में दो विकेट झटके। उन्होंने पहले कगिसो रबाडा और फिर नाथन एलिस को क्लीन बोल्ड कर दिया। रबाडा ने दो रन बनाए। वहीं, एलिस खाता नहीं खोल सके। शाहरुख खान एक छोर पर टिके हुए हैं।
पंजाब किंग्स को पांचवां झटका 13वें ओवर में लगा। अक्षर पटेल ने पहली गेंद पर जितेश शर्मा को आउट कर दिया। जितेश एक छोर से तेजी से रन बना रहे थे। उन्होंने 23 गेंद पर 32 रन बनाए। जितेश ने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। शाहरुख खान दूसरे छोर पर खड़े हैं। जितेश के बाद कगिसो रबाडा क्रीज पर उतरे हैं।
पंजाब की टीम ने नौ ओवर में चार विकेट पर 69 रन बना लिए हैं। जितेश शर्मा और शाहरुख खान क्रीज पर हैं। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 15 रनों की साझेदारी कर ली। जितेश और शाहरुख तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। यहां उनके सामने रन बनाने के साथ-साथ विकेट भी बचाने की भी जिम्मेदारी है। टीम को दोनों बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद है।
पावरप्ले के ठीक बाद पंजाब किंग्स को चौथा झटका लगा। जॉनी बेयरस्टो को खलील अहमद ने मुस्तफिजूर रहमान के हाथों कैच कराया। बेयरस्टो ने आठ गेंदों पर नौ रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। बेयरस्टो के लिए यह सीजन अब तक निराशाजनक रहा है। उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है। बेयरस्टो के आउट होने के बाद शाहरुख खान क्रीज पर उतरे हैं।
पंजाब को सबसे बड़ा झटका अक्षर पटेल ने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर दिया। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों स्टंप कराया। पंजाब की टीम में लिविंगस्टोन इन-फॉर्म बल्लेबाज थे। उन्होंने टीम के लिए सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। छह ओवर में पंजाब ने तीन विकेट पर 47 रन बनाए हैं।
शिखर धवन के बाद पंजाब के दूसरे ओपनर मयंक अग्रवाल भी पवेलियन लौट गए। पंजाब के कप्तान को मुस्तफिजूर रहमान ने क्लीन बोल्ड किया। मयंक ने 15 गेंद पर 24 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। मुस्तफिजूर की गेंद मयंक के बल्ले से लगकर विकेटों में समा गई। उनके आउट होने के बाद लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर उतरे हैं।
पंजाब किंग्स को पहला झटका ललित यादव ने दिया। उन्होंने ओपनर शिखर धवन को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। धवन ने 10 गेंदों पर नौ रन बनाए। उनके आउट होने के बाद इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर उतरे हैं। दूसरे छोर पर कप्तान मयंक अग्रवाल टिके हुए हैं।
पंजाब के दोनों बल्लेबाजों शिखर धवन और मयंक अग्रवाल ने टीम को धीमी शुरुआत दी है। टीम ने दो ओवर में दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 13 रन बना लिए हैं। मयंक सात गेंद पर नौ और धवन पांच गेंद पर तीन रन बनाकर नाबाद हैं। पारी में एकमात्र चौका मयंक ने लगाया है।
पंजाब किंग्स की पारी शुरू हो गई है। कप्तान मयंक अग्रवाल और शिखर धवन क्रीज पर उतरे हैं। दिल्ली की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत शार्दुल ठाकुर ने की है। कोरोना की चपेट में आने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की परीक्षा होने वाली है। देखना है कि मानसिक रूप से टीम कितनी मजबूत है।
पृथ्वी शॉ, डेविड वॉर्नर, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, ललित यादव, सरफराज खान, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मुस्तफिजूर रहमान, खलील अहमद।
मयंक अग्रवाल (कप्तान), शिखर धवन, जॉनी बेयरस्टो, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शाहरुख खान, कगिसो रबाडा, नाथन एलिस, राहुल चाहर, वैभव अरोड़ा, अर्शदीप सिंह।
दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कोरोना संक्रमित मिशेल मार्श की जगह सरफराज खान को दिल्ली की टीम में शामिल किया गया है। पंत ने टॉस के दौरान कहा कि हमारे साथ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुई हैं, लेकिन हमारा ध्यान उस पर नहीं है। हम खेलने के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स ने दो बदलाव किए। प्रभसिमरन सिंह और ओडियन स्मिथ को बाहर किया गया। कप्तान मयंक अग्रवाल की वापसी हुई है। नाथन एलिस को पहली बार इस सीजन में मौका दिया गया है।
दोनों टीमों के बीच आईपीएल में कांटे की टक्कर रही है। अब तक पंजाब और दिल्ली के बीच 28 मैच हुए हैं। इनमें से 13 दिल्ली और 15 मैच पंजाब ने जीते हैं। हालांकि, आखिरी तीन मैचों में दिल्ली ने जीत हासिल की है और इस मैच में लगातार चौथी जीत के इरादे से उतरेगी।
पंजाब की टीम इस मैच में बड़ी जीत के साथ अंक तालिका की शुरुआती चार टीमों में जगह बनाना चाहेगी। अब तक यह टीम छह में से तीन मैच जीत चुकी है और चौथी जीते के साथ प्लेऑफ की रेस में बने रहना चाहेगी। ब्रेबॉर्न स्टेडियम की पिच अब तक बल्लेबाजों की मददगार रही है। यहां कई मैचों में बड़े स्कोर बने हैं। यह पिच पंजाब की टीम को रास आएगी। पंजाब के सभी बल्लेबाज बड़े शॉट खेलना पसंद करते हैं।
वहीं, पंजाब की गेंदबाजी चिंता का विषय रही है। राहुल चाहर और रबाडा ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बाकी गेंदबाजों ने कुछ खास नहीं किया है। खासकर अंतिम ओवरों में पंजाब के गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए हैं।
अंक तालिका में दिल्ली की टीम सिर्फ मुंबई और चेन्नई से ऊपर आठवें स्थान पर है। पांच मैचों के बाद दिल्ली के पास चार अंक हैं। इस टूर्नामेंट में दिल्ली अलग-अलग वजहों से मैच हारी है। पहले ओपनिंग में शॉ का साथे देने के लिए कोई नहीं था। बाद में वॉर्नर ने आकर कमाल किया तो मध्यक्रम ने साथ नहीं दिया। जब गेंदबाज चले ते बल्लेबाज फ्लॉप रहे। इस वजह से दिल्ली इस सीजन तीन मैच गंवा चुकी है।
वहीं दिल्ली में कोरोना के मामले सामने आने के बाद यह मैच रद्द होने का खतरा था, लेकिन टीम के अंदर कोरोना विस्फोट नहीं हुआ है और अधिकतर खिलाड़ियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद इस मैच में पुणे की बजाय ब्रेबॉर्न स्टेडियम में कराने का फैसला किया गया है। हालांकि, मिशेल मार्श की जगह दिल्ली में नोर्तजे या टिम सीफर्ट को मौका मिल सकता है।
दोनों टीमों के लिए यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है। दिल्ली के लिए कभी मध्यक्रम तो कभी गेंदबाजी परेशानी की वजह रही है। यहीं हाल पंजाब का भी रहा है। पंजाब के बल्लेबाज तेजी से रन बनाने वाले के प्रयास में विकेट गंवा रहे हैं और आखिरी के ओवरों में रन बनाने में इस टीम को परेशानी आ रही है। पंजाब की गेंदबाजी भी अब तक इस सीजन कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 32वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का मुकाबला पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) से है। दिल्ली की टीम फिलहाल कोरोना से जूझ रही है। टीम के दो खिलाड़ी मिचेल मार्श और टिम साइफर्ट कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, चार और स्टाफ की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद से टीम के बाकी खिलाड़ियों में भी कोरोना का खौफ है। आईपीएल मैनेजमेंट ने सभी से आइसोलेट रहने को कहा है। टीम अंक तालिका में पांच में से दो मैच जीतकर और चार अंकों के साथ आठवें नंबर पर है। वहीं, पंजाब की टीम छह में से तीन मैच जीतकर और छह अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।