दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल के 16वें सीजन का 16वां मुकाबला मंगलवार (11 अप्रैल) को खेला जाएगा। ये दो ऐसी टीमें हैं, जिन्हें अब तक इस सीजन में जीत नहीं मिली है। अरुण जेटली स्टेडियम में जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी तो अपना खाता खोलना चाहेंगी। मुंबई दो मैचों में दो हार के साथ नौवें स्थान पर हैं। वहीं, दिल्ली की टीम तीन मैचों में तीन हार के साथ सबसे अंतिम 10वें पायदान पर है।
मुंबई के मुकाबले अपने घरेलू मैदान पर खेल रही दिल्ली के सामने मुश्किलें ज्यादा हैं। मिचेल मार्श शादी के लिए ऑस्ट्रेलिया गए हैं। पृथ्वी शॉ, सरफराज खान फॉर्म में नहीं हैं और खलील अहमद चोटिल हैं। अपने तीनों मुकाबले हार चुकी दिल्ली को जीत की पटरी पर आने के लिए कप्तान डेविड वॉर्नर, एनरिच नोर्त्जे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल जैसे क्रिकेटरों से करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद करनी होगी।
पृथ्वी शॉ
- फोटो : IPL/BCCI
पृथ्वी, सरफराज की फॉर्म चिंता का विषय
मार्श की गैरमौजूदगी में अनुभवी मनीष पांडे को पिछले मैच में मौका मिला, लेकिन वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए। शॉ और सरफराज की स्विंग और तेज गेंदों पर अब तक खामियां सामने आई हैं। खासतौर पर शॉ दिल्ली को अपने चिरपरिचित अंदाज में शुरुआत नहीं दिला पाए हैं। उन्हें उछाल, स्विंग और तेजी तीनों ने परेशान किया है।
मैदान के बाहर लगातार विवादों में रहने वाले पृथ्वी के लिए यहां सफल होना उनकी टीम इंडिया में दावेदारी के लिए भी जरूरी है। वहीं, सरफराज ने कोटला पर खेले पिछले मैच में 30 रन जरूर बनाए, लेकिन गुजरात के अल्जारी जोसेफ ने उछलती गेंदों पर उन्हें खासा परेशान किया। वॉर्नर ने दो अर्धशतक जरूर लगाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेड 117 का रहा है। उन्हें अतिरिक्त प्रयास देने होंगे।
एनरिच नोर्त्जे
- फोटो : IPL/BCCI
नोर्त्जे की गेंदबाजी पर दिल्ली का दारोमदार
पिछले मैच में चोटिल हुए खलील का इस मैच में खेलना तय नहीं है, लेकिन वह भी फॉर्म में नहीं हैं। भारी भरकम राशि में लिए गए मुकेश कुमार ने तीन मैच में चार विकेट जरूर लिए हैं, लेकिन वह महंगे साबित हुए हैं। नोर्त्जे में गजब की तेजी है, लेकिन उनका एक्स फैक्टर अब तक नहीं देखने को मिला है। वहीं, कुलदीप यादव महंगे तो साबित नहीं हुए हैं, लेकिन उन्होंने अपने स्तर के अनुसार प्रदर्शन भी नहीं किया है। अक्षर पटेल को कोटला के तेज पर पिच पर वॉर्नर ने गेंदबाजी का ही मौका नहीं दिया। वह बल्ले से तो ठीक कर रहे हैं, लेकिन उन्हें गेंद से भी अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी।
परिवर्तन की बात कह चुके हैं पोटिंग
राजस्थान के खिलाफ मिली हार के बाद कोच रिकी पोंटिंग यह कह भी चुके हैं कि उन्हें अब परिवर्तन करने होंगे, जीत की जिम्मेदारी लेने वाले खिलाडिय़ों को मौका देना होगा। मंगलवार को दिल्ली की टीम में अगर कुछ नए चेहरों को मौका मिले तो हैरानी नहीं होनी चाहिए। पिछले मैच में दिल्ली की पिच ने तेज गेंदबाजों की मदद दी थी। इस बार ऐसा ही होने की उम्मीद है।
जोफ्रा आर्चर
- फोटो : IPL/BCCI
मुंबई में आर्चर की वापसी संभव
मुंबई आईपीएल में अपनी धीमी शुरुआत के लिए जानी जाती है। उसके पास कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, कैमरन ग्रीन, ईशान किशन जैसे खिलाड़ी हैं, ये चारों ही अब तक पिछले दोनों मैचों में छाप नहीं छोड़ पाए हैं। रोहित को तुषार देशपांड ने पिछले मैच में अच्छी गेंद पर आउट किया। यहां मुंबई को अच्छा करना है तो रोहित को अपने बल्ले से कमाल दिखाना होगा। वहीं, ईशान के बल्ले से भी अब तक बड़ी पारी नहीं निकली है।
बेहद महंगे कैमरन ग्रीन ने भी बल्ले और गेंद दोनों से अपने प्रदर्शन की झलक नहीं दिखाई है। सूर्यकुमार का फॉर्म में नहीं होना मुंबई के लिए चिंता का विषय है। ऊपरी क्रम के नहीं चलने पर मुंबई को सूर्य का सहारा होता है, जो उसे अभी नहीं मिल रहा है। इस मैच में जोफ्रा आर्चर की हो सकती है। कैमरन ग्रीन ने मैच से एक दिन पहले कहा कि टीम के सभी खिलाड़ी फिट हैं। इससे मुंबई के फैंस को लग रहा है कि आर्चर इस मैच में उतरेंगे।
मुंबई इंडियंस
- फोटो : IPL/BCCI
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, टिम डेविड, अरशद खान, ऋतिक शौकीन, पीयूष चावला, जोफ्रा आर्चर, कुमार कार्तिकेय।
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर, फिलिप सॉल्ट/रिले रूसो, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, ललित यादव, अमन हकीम खान/कमलेश नागरकोटी, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, इशांत शर्मा, लुंगी एंगिडी।