टी-20 वर्ल्डकप 2021 में ऑस्ट्रेलिया को विश्वविजेता बनाने में डेविड वार्नर की अहम भूमिका रही है। उन्होंने 289 रन बनाए हैं और नॉकआउट मैचों में अपनी टीम के लिए दो अहम पारियां खेली हैं। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी दिया गया। वार्नर इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी पत्नी ने सनराइजर्स हैदराबाद और वार्नर के आलोचकों पर तंज कसा है। कैंडिस वार्नर ने ट्वीट कर लिखा फॉर्म से बाहर इसके साथ ही उन्होंने हंसने वाला इमोजी भी शेयर किया।
आईपीएल 2021 में खराब फॉर्म के चलते वार्नर को सनराइजर्स हैदराबाद ने कप्तानी से हटा दिया था और बाद में उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया था। पिछले आईपीएल के दूसरे लेग में उन्हें लंबे समय तक बेंच पर बैठना पड़ा। इससे पहले शुरुआती आठ मैचों में उन्होंने 24.37 के औसत से 195 रन बनाए थे। इसके बाद खराब फॉर्म को लेकर उनकी काफी आलोचना की गई थी और उनके स्ट्राइक रेट को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
नॉकआउट मैचों में खेली अहम पारियां
वार्नर ने इस टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल और सेमीफाइनल मैच में दो अहम पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। उन्होंने फाइनल में 38 गेंद में 53 रन और सेमीफाइनल में 50 गेंद में 77 रन बनाए थे। इससे पहले लीग मैचों में भी उन्होंने 89 और 65 रनों की दो बड़ी पारियां खेली थी। उनके इस शानदार प्रदर्शन के चलते ही ऑस्ट्रेलियाई टीम यह टूर्नामेंट जीत पाई है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरोन फिंच पूरे टूर्नामेंट में लय में नहीं थे और उनके आउट होने के बाद अधिकतर मैचों में वार्नर ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला।