ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने कहा है कि वह जल्द ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। वॉर्नर अगले 12 महीने के अंदर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया है कि वह 2023 में वनडे विश्व कप और 2024 में टी20 विश्व कप खेलना चाहते हैं।
टी20 विश्व कप 2022 में ऑस्ट्रेलिया की मेजबान होने के बावजूद ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। इसके बाद कई दिग्गजों ने टीम में बदलाव की मांग की है। खासकर मैथ्यू हेडन ने कहा कि कई सीनियर खिलाड़ियों को अगले विश्व कप से पहले टीम से बाहर हो जाना चाहिए। इसके डेविड वॉर्नर ने साफ किया है कि आने वाले एक साल में वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। टी20 विश्व कप 2022 में डेविड वॉर्नर ने 11 के औसत से रन बनाए, लेकिन वह अभी टी20 क्रिकेट खेलना चाहते हैं।
2023 में ऑस्ट्रेलियाई टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त है। वनडे विश्व कप से पहले कंगारू टीम को भारत में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत टेस्ट मैच खेलने हैं और इंग्लैंड में जाकर एशेज टेस्ट सीरीज भी खेलनी है। ऐसे में वॉर्नर इन दोनों सीरीज के बाद टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान बनने के सवाल पर वॉर्नर ने कहा कि उन्होंने अपने करियर में जो कुछ भी सीखा है, वह युवा खिलाड़ियों को बताना चाहते हैं। जब वह बिग बैश या घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं तो युवा खिलाड़ियों के पास उनसे सीखने के लिए काफी कुछ होता है। अगर वह खिलाड़ी सीखना चाहते हैं तो यह उनके लिए काफी फायदेमंद होगा।
ऑस्ट्रेलिया के लिए आने वाले समय में काफी चुनौतिया आएंगी, क्योंकि यह टीम बदलाव के दौर से गुजर रही होगी। डेविड वॉर्नर के अलावा उस्मान ख्वाजा, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क सहित कई खिलाड़ी 30 साल से ज्यादा के हो चुके हैं और आने वाले समय में संन्यास ले सकते हैं।