फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

द. अफ्रीका में टेस्ट क्रिकेट का बुरा हाल!: खाली स्टेडियम देख भड़के वॉर्नर, बोले- फैंस कहां हैं, बेहद शर्मनाक

Tue, 20 Oct 2026 08:21 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गेबेरहा

सार

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज में दर्शकों की कम मौजूदगी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने खाली स्टेडियमों को देखकर टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता पर सवाल उठाए।
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : @ProteasMenCSA
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज में दर्शकों की बेरुखी ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। स्टेडियम में खाली पड़ी कुर्सियों को देखकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर भड़क गए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता और इसे लेकर किए जाने वाले दावों पर सवाल उठाए हैं। वॉर्नर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा कि आखिर दक्षिण अफ्रीका में क्रिकेट देखने के लिए फैंस कहां हैं? उन्होंने खाली स्टैंड्स और माहौल की कमी को टेस्ट क्रिकेट के लिए चिंताजनक बताते हुए इसे खेल की कड़वी सच्चाई करार दिया।
विज्ञापन
Trending Videos

'दक्षिण अफ्रीका में फैंस कहां हैं?'
डेविड वॉर्नर ने एक्स पर लिखा, 'हम लगातार सुनते हैं कि टेस्ट क्रिकेट कितना महत्वपूर्ण है, लेकिन साउथ अफ्रीका में फैंस कहां हैं? स्टैंड्स खाली हैं, माहौल नहीं है और फिर भी हमें विश्वास दिलाया जाता है कि यह फॉर्मेट फल-फूल रहा है?' उन्होंने आगे कहा, 'अगर मैच देखने के लिए कोई आता ही नहीं है, तो आप टेस्ट क्रिकेट को खेल का सर्वोच्च प्रारूप नहीं कह सकते। यह कड़वी सच्चाई है, लेकिन किसी को तो इसे कहना ही होगा। यह बेहद निराशाजनक है।'

पांच दिन में 20 हजार दर्शक भी नहीं पहुंचे
दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेला गया था। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 214 रन से हार का सामना करना पड़ा। पांच दिन तक चले इस मैच को देखने के लिए कुल मिलाकर 20 हजार से भी कम दर्शक पहुंचे। यह संख्या किंग्समीड स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता के पांचवें हिस्से से भी कम थी। इसके बाद दूसरे टेस्ट में भी दर्शकों की कमी देखने को मिली। गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेले जा रहे मुकाबले के शुरुआती दो दिन बारिश से प्रभावित रहे और इस दौरान भी स्टेडियम में बड़ी संख्या में सीटें खाली नजर आईं।

दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : @ProteasMenCSA
दुनिया की टॉप-2 टेस्ट टीमों के बीच मुकाबला
इस सीरीज की अहमियत इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि इसमें टेस्ट क्रिकेट की दुनिया की नंबर-1 टीम ऑस्ट्रेलिया और नंबर-2 टीम दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने हैं। यह 2018 के 'सैंडपेपरगेट' विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया का पहला दक्षिण अफ्रीका दौरा भी है। वहीं, टेस्ट चैंपियन बनने के बाद साउथ अफ्रीका पहली बार अपने घरेलू मैदान पर टेस्ट सीरीज खेल रहा है। टीम ने इससे पहले जनवरी 2025 में घरेलू मैदान पर टेस्ट मैच खेला था। इतने बड़े मुकाबले के बावजूद स्टेडियम में दर्शकों की कम मौजूदगी ने क्रिकेट अधिकारियों और खेल प्रेमियों के सामने सवाल खड़े कर दिए हैं।

दर्शक क्यों नहीं पहुंच रहे? क्रिकेट संघ करेगा समीक्षा
  • डरबन टेस्ट में कम दर्शकों की मौजूदगी के बाद क्वाजुलु-नटाल क्रिकेट यूनियन ने इस मामले की आंतरिक समीक्षा करने की बात कही थी। यूनियन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेनरिक स्ट्रायडम ने माना कि साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच इतने बड़े मुकाबले को स्टेडियम में ज्यादा समर्थन मिलना चाहिए था।
  • उन्होंने कहा कि दर्शकों के पास समय और आर्थिक संसाधनों से जुड़ी कई चुनौतियां हो सकती हैं। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि लोग मैदान पर मैच देखने क्यों नहीं पहुंच रहे और लाइव क्रिकेट को उनके लिए ज्यादा आकर्षक कैसे बनाया जा सकता है।
  • स्ट्रायडम के मुताबिक, क्रिकेट संघ इस बात पर विचार करेगा कि दर्शकों से दोबारा जुड़ने, क्रिकेट को ज्यादा सुलभ बनाने और परिवारों समेत सभी उम्र के लोगों के लिए मैच देखने का अनुभव बेहतर करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
विज्ञापन

टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता पर फिर उठे सवाल
दक्षिण अफ्रीका में खाली स्टेडियम का मुद्दा ऐसे समय सामने आया है, जब टेस्ट क्रिकेट को खेल का सबसे प्रतिष्ठित प्रारूप माना जाता है। हालांकि, बड़े मुकाबलों में भी दर्शकों की कम मौजूदगी इस प्रारूप की लोकप्रियता और मैदान पर मैच देखने के अनुभव को लेकर सवाल खड़े करती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें