ओपनर डेविड वॉर्नर को इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच वनडे मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह नहीं दी गई है।
जबकि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क लोवर बैक में सूजन के कारण स्वदेश लौट गए हैं। स्टीवन स्मिथ को भी अनफिट होने के कारण वापस भेज दिया गया है।
रविवार को 18 के बजाए 15 सदस्यीय वनडे टीम की घोषणा हुई, जिसकी कप्तानी माइकल क्लार्क करेंगे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के 'बैड ब्वॉय' बन चुके वॉर्नर को इस बार खराब फॉर्म के कारण वनडे सीरीज से हटाया गया है।
हालांकि, इस आतिशी बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में 53 रनों की पारी खेली थी, लेकिन वह 50-50 ओवर के प्रारूप में टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का एक बयान जारी करते हुए टीम के कोच डेरेन लेमैन ने कहा, "वॉर्नर भी यह स्वीकार करेंगे कि उन्होंने हाल ही में वनडे क्रिकेट में अपने देश के लिए बहुत रन नहीं बनाए हैं। यह एक कड़ा फैसला था, लेकिन सभी खिलाड़ियों की तरह वह भी परिस्थितियों को समझते हैं और जानते हैं कि उन्हें वापस जाकर घरेलू वनडे टूर्नामेंट खेलने की जरूरत है।"
एक समय ऑस्ट्रेलियाई टीम के सबसे लाडले बल्लेबाज रहे वॉर्नर को अनुशासनहीनता के कारण एशेज सीरीज के शुरुआती मैचों से बाहर कर दिया गया था।
ऑस्ट्रेलिया मंगलवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ एकमात्र वनडे खेलेगा। इसके बाद कंगारू टीम शुक्रवार से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज खेलने उतरेगी।