आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पैट कमिंस की कमी से जूझ रही है। इस बीच टीम को एक और झटका लगा है। दरअसल, तेज गेंदबाज डेविड पायने चोटिल होकर पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। जल्द ही उनकी जगह अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाएगा।
डेविड पायने चोटिल होकर बाहर
इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज डेविड पायने टखने की चोट के चलते आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। 35 वर्षीय पायने को टीम ने पहले जैक एडवर्ड्स के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया था। उन्होंने इस सीजन में केवल दो मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 2 विकेट लिए, लेकिन उनका इकॉनमी रेट 14 रहा, जो काफी महंगा साबित हुआ।
बीबीएल में शानदार प्रदर्शन, आईपीएल में नहीं चला जादू
पायने को टीम में उनकी शानदार बिग बैश लीग (बीबीएल) 2025-26 के प्रदर्शन के आधार पर चुना गया था। उन्होंने पर्थ स्कॉर्चस के लिए छह मैचों में 11 विकेट लिए थे और उनका इकॉनमी रेट 7.95 रहा था।
हालांकि, आईपीएल में वह उसी लय को बरकरार नहीं रख पाए।
अंक तालिका में चौथे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद
फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद पांच मैचों में दो जीत के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। पिछले मैच में टीम ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 57 रन से जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में डेब्यू करने वाले प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 4-4 विकेट लेकर टीम को मजबूत जीत दिलाई। सनराइजर्स हैदराबाद का अगला मुकाबला सीएसके के खिलाफ होगा।