श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर दासुन शनाका एक बड़े विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। उनपर आरोप है कि उन्होंने एक दिन में दो देशों में मैच खेले, जिसकी वजह से अब उन्हें श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की जांच का भी सामना करना पड़ेगा।
शनाका ने एक दिन में दो देशों के लिए खेले मुकाबले
शनाका पर आरोप है कि उन्होंने आईएलटी20 में दुबई कैपिटल्स की ओर से खेलने के लिए घरेलू मैच से हटने के लिए कथित तौर पर कन्कशन (सिर में गेंद लगने से बेहोशी जैसी स्थिति) का नाटक किया। दरअसल, पूर्व कप्तान शनाका मेजर लीग टूर्नामेंट में मूर्स स्पोर्ट्स क्लब के खिलाफ सिंहली स्पोर्ट्स क्लब के तीन दिवसीय मैच के शुरुआती दो दिन खेलने के बाद मुकाबले से हट गए थे।
कन्कशन का बहाना पड़ा शनाका को महंगा, जांच
शनाका पर आरोप लगाया गया है कि मैच रेफरी वेंडेल लेबरॉय को यह विश्वास दिलाया गया था कि शनाका को कन्कशन है जिससे कि उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को खिलाने की स्वीकृति मिल सके। एसएलसी के सीईओ एशले डि सिल्वा ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो को बताया, सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (शनाका का प्रथम श्रेणी क्लब) शायद अपनी जांच भी करेगा।
87 गेंदों में 123 रन बनाए
शनाका ने तीन दिवसीय मैच में मूर्स की पारी में 21 ओवर गेंदबाजी की और एक विकेट लिया। इसके बाद दूसरे दिन के अंत में वह एसएससी के लिए 39 रन बनाकर नाबाद रहे। तीसरे दिन उन्होंने 84 रन बनाए। इस तरह 87 गेंदों में उन्होंने 123 रन बनाए। इसके बाद एसएससी की पारी समाप्त हो गई और मूर्स की पारी शुरू हुई जिसमें शनाका ने एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं की। बताया जा रहा है कि इसी दिन वह दुबई के लिए रवाना हो गए।
टीम की जीत में अहम भूमिका भी निभाई
इसी दिन दुबई कैपिटल्स के लिए भी उन्हें कुछ घंटों बाद खेलते देखा गया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शनाका ने 12 गेंदों में 34 रन बनाए, जिससे उनकी टीम ने अबू धाबी नाइट राइडर्स के खिलाफ 217 रन बनाए। हालांकि, उन्होंने गेंदबाजी नहीं की लेकिन शनाका की टीम दुबई कैपिटल्स ने आईएलटी20 का खिताब जीता।