गेंद से छेड़छाड़ मामले में पहले स्टीव स्मिथ को अपनी कप्तानी गंवाई पड़ी और फिर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की भी कप्तानी हाथ से गई। इसके अलावा डेविड वॉर्नर को उप-कप्तानी के पद से हटा दिया गया। इतना सब होने के बाद अब माना जा रहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) कोच डैरन लेहमन की भी छुट्टी कर सकती है। दरअसल इंग्लैंड के अखबार डेली टेलिग्राफ में एक खबर प्रकाशित हुई है, जिसमें लिखा है कि इस विवाद के बाद डैरन लेहमन कोच के पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार से शुरू होने वाले जोहानसबर्ग टेस्ट से पहले ही लेहमन इस्तीफा दे देंगे। बता दें कि इस वक्त सीए के कई बड़े अधिकारी दक्षिण अफ्रीका में इस मामले की जांच करने के लिए मौजूद हैं और जल्द इस पर कोई सख्त फैसला सुना सकते हैं।
बॉल टेंपरिंग के बाद स्मिथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि इसमें सभी खिलाड़ियों की एक राय थी लेकिन कोच को इसके बारे में कुछ नहीं बताया गया था। लेकिन इस बयान के बावजूद सीए को इस बात पर यकीन नहीं है कि कोच या फिर कोचिंग स्टाफ इसमें शामिल नहीं हो सकता है।
सीए के अलावा
आईसीसी ने भी इस विवाद पर सख्ती दिखाते हुए स्मिथ पर एक टेस्ट मैच का बैन और 100 फीसदी मैच फीस जुर्माने के तौर लगाया है।
टेलिग्राफ ने लिखा है इस विवाद पर अभी तक लेहमन ने कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है लेकिन वह इस मामले की जांच से पहले ही इस्तीफा देना चाहते हैं।