शाई होप और निकोलस पूरन के शतकों की मदद से वेस्टइंडीज ने गुरुवार (22 मार्च) को हरारे में विश्व कप क्वालीफायर में नेपाल पर 101 रन की शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज की टीम ग्रुप ए में अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। उसके जिम्बाब्वे के बराबर दो मैच में चार अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट का उसे फायदा हुआ है। नीदरलैंड और नेपाल को दो-दो अंक हैं। अमेरिका का खाता खुलना अभी बाकी है।
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 339 रन बनाए। होप ने 132 रन बनाए जबकि पूरन ने 115 रन की पारी खेली। इस जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी की। वहीं, नेपाल की टीम 49.4 ओवर में 238 रन पर सिमट गई। उसके लिए आरिफ शेख ने 63 और गुलशन झा ने 42 रन बनाए। मैच में नेपाल के लिए ललित राजवंशी ने तीन विकेट लिए। वहीं, वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर ने इतने ही विकेट चटकाए।
ग्रुप राउंड के बाद सुपर सिक्स में जाएंगी तीन-तीन टीमें
ग्रुप में शीर्ष तीन पर रहने वाली टीमें सुपर सिक्स राउंड में जाएंगी। वहां, ग्रुप बी की शीर्ष तीन टीमें उनके साथ जुड़ेंगी। फिर सुपर सिक्स में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच फाइनल खेला जाएगा। ये दोनों टीमें आगामी विश्व कप के लिए क्वालिफाई हो जाएंगी। ग्रुप बी की बात करें तो ओमान की टीम पहले पायदान पर है। वहीं, श्रीलंका दूसरे और स्कॉटलैंड तीसरे क्रम पर है। आयरलैंड और यूएई का खाता नहीं खुला है। दोनों क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर है।
अमेरिका को मिली लगातार तीसरी हार
गुरुवार को खेले गए एक अन्य मैच में नीदरलैंड ने संयुक्त राज्य अमेरिका को हरा दिया। अमेरिका की यह लगातार तीसरी हार है। वहीं, नीदरलैंड की दो मैच में पहली जीत है। अमेरिका ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 211 रन बनाए। उसके लिए शायन जहांगीर ने सर्वाधिक 71 रन बनाए। इसके बाद नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने तेजा निदामानुरू के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। एडवर्ड्स ने नाबाद 67 रन बनाए। तेजा ने 58 रन की पारी खेली।