चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ आईपीएल 2022 में वापसी की है। डीवाई पाटिल में खेले गए सीजन के 22वें मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 216 रन बनाए। रॉबिन उथप्पा ने 88 रन और शिवम दुबे ने 95* रन की पारी खेली। 217 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैंगलोर की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 193 रन ही बना सकी। बैंगलोर की ओर से शाहबाज अहमद ने सबसे ज्यादा 27 गेंदों पर 41 रन बनाए। वहीं, दिनेश कार्तिक ने 14 गेंदों पर 34 रन की पारी खेली। इस तरह चेन्नई ने 23 रन से जीत हासिल की।
यह इस सीजन पांच मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स की पहली जीत रही। टीम इससे पहले चार मैच हार चुकी है। इस जीत के साथ चेन्नई की टीम प्वाइंट्स टेबल में दो अंकों के साथ नौवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की यह पांच मैचों में दूसरी हार रही। टीम इससे पहले पंजाब के खिलाफ सीजन का पहला मैच हार चुकी है। आरसीबी की टीम पांच मैचों में तीन जीत और दो हार और छह अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है।
18वें ओवर में 171 के स्कोर पर बैंगलोर को नौवां झटका लगा। ड्वेन ब्रावो ने दिनेश कार्तिक को पवेलियन भेजा। कार्तिक ने तूफानी पारी खेली। वे 14 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल मोहम्मद सिराज और जोश हेजलवुड क्रीज पर हैं।
16वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने दो विकेट झटके। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर वनिंदु हसरंगा को पवेलियन भेजा। जडेजा ने वनिंदु हसरंगा को क्रिस जॉर्डन के हाथों कैच कराया। हसरंगा तीन गेंदों पर सात रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर आकाश दीप को अंबाती रायुडू के हाथों कैच कराया। रायुडू ने डाइव लगाकर एक हाथ से एक बेहतरीन कैच लपका। महेश तीक्षणा ने चार विकेट झटके। फिलहाल दिनेश कार्तिक और मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं। महेश तीक्षणा ने चार विकेट झटके।
15वें ओवर में 133 के स्कोर पर बैंगलोर को छठा झटका लगा। महेश तीक्षणा ने शाहबाज अहमद को क्लीन बोल्ड किया। वे 27 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। इसमें चार चौके शामिल हैं। 15 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 140 रन है। टीम को अब 30 गेंदों पर 77 रन की जरूरत है। फिलहाल दिनेश कार्तिक 13 रन और वनिंदु हसरंगा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
13वें ओवर में महेश तीक्षणा ने सुयश प्रभुदेसाई को क्लीन बोल्ड किया। सुयश 18 गेंदों पर 34 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल आउट हुए। इसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल है। सुयश और शाहबाज के बीच पांचवें विकेट के लिए 33 गेंदों पर 60 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद बैंगलोर ने पांच विकेट गंवाकर 116 रन बना लिए हैं। तीक्षणा को मिली ये तीसरी सफलता रही। उन्होंने फाफ डुप्लेसिस और अनुज रावत को भी पवेलियन भेजा था।
12 ओवर के बाद बैंगलोर ने चार विकेट गंवाकर 110 रन बना लिए हैं। टीम को फिलहाल 48 गेंदों पर 107 रन की जरूरत है। ब्रावो के 12वें ओवर में मुकेश चौधरी ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे सुयश प्रभुदेसाई का आसान कैच छोड़ दिया। ओवर की चौथी गेंद पर सुयश ने डीप मिड ऑन में शॉट खेला और मुकेश ने कैच छोड़ दिया। तब सुयश 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। फिलहाल सुयश 16 गेंदों पर 34 रन और शाहबाज अहमद 17 गेंदों पर 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।
10 ओवर के बाद बैंगलोर ने चार विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं। फिलहाल सुयश प्रभुदेसाई 10 गेंदों पर 21 रन और शाहबाज अहमद 11 गेंदों पर 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। बैंगलोर को अब 60 गेंदों पर 131 रन की जरूरत है।
सातवें ओवर में 50 के स्कोर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को चौथा झटका लगा। कप्तान रवींद्र जडेजा ने ग्लेन मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड किया। मैक्सवेल 11 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। सात ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर चार विकेट पर 50 रन है। फिलहाल सुयश प्रभुदेसाई और शाहबाद अहमद क्रीज पर हैं। विराट कोहली एक रन और फाफ डुप्लेसिस आठ रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, अनुज रावत 12 रन बना सके। महेश तीक्षणा ने दो विकेट झटके और मुकेश चौधरी-जडेजा को एक-एक विकेट मिला।
छह ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने तीन विकेट गंवाकर 42 रन बना लिए हैं। छठे ओवर में अनुज रावत 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें महेश तीक्षणा ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। तीक्षणा को मिली यह दूसरी सफलता है। इससे पहले उन्होंने फाफ डुप्लेसिस को पवेलियन भेजा था। फिलहाल मैक्सवेल और शाहबाज क्रीज पर हैं।
पांचवें ओवर में 20 के स्कोर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को दूसरा झटका लगा। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने विराट कोहली को पवेलियन भेजा। कोहली तीन गेंदों पर एक रन बना सके। मुकेश ने कोहली को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। बैंगलोर की टीम मुश्किल में दिख रही है। डुप्लेसिस आठ रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। पांच ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर दो विकेट पर 27 रन है। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल छह रन और अनुज रावत 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। बैंगलोर को 90 गेंदों पर 190 रन की जरूरत है।
तीसरे ओवर में 14 के स्कोर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पहला झटका लगा। श्रीलंकाई स्पिनर महेश तीक्षणा ने बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस को क्रिस जॉर्डन के हाथों कैच कराया। वे नौ गेंदों पर आठ रन बना सके। तीन ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर एक विकेट पर 14 रन है। विराट कोहली और अनुज रावत क्रीज पर हैं।
रॉयल चैलंजर्स बैंगलोर के ओपनर्स फाफ डुप्लेसिस और अनुज रावत क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद बैंगलोर ने बिना कोई विकेट गंवाए 11 रन बना लिए हैं। फिलहाल फाफ डुप्लेसिस छह गेंदों पर सात रन और अनुज रावत छह गेंदों पर चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के सामने 217 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की शुरुआत खराब रही। 19 पर टीम को पहला झटका लगा। ऋतुराज गायकवाड़ 16 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोईन अली भी कुछ खास नहीं कर सके और तीन रन बनाकर रन आउट हुए। उन्हें सुयश प्रभुदेसाई ने रन आउट किया।
शुरुआती 10 ओवर तक चेन्नई ने दो विकेट गंवाकर 60 रन बनाए थे। तब टीम छह के रन रेट से रन बना रही थी। इसके बाद रॉबिन उथप्पा और शिवम दुबे की तूफानी पारी देखने को मिली। दोनों ने मैच का रुख ही बदल दिया। आखिरी 10 ओवर में (11-20) चेन्नई ने 156 रन जोड़े।
अर्धशतक लगाने के बाद उथप्पा
आखिरी पांच ओवर (16-20) में चेन्नई ने दो विकेट गंवाकर 83 रन बनाए। उथप्पा और शिवम के बीच 74 गेंदों पर 165 रन की साझेदारी हुई। यह इस सीजन किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले बैंगलोर के डुप्लेसिस और कोहली ने 118 रन की साझेदारी की थी।
IPL 2022, CSK vs RCB: चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ काली पट्टी बांधकर क्यों उतरे आरसीबी के खिलाड़ी? जानें कारण
11वें ओवर से मोमेंटम शिफ्ट हुआ। इसके बाद उथप्पा और शिवम दुबे ने आईपीएल करियर की बेस्ट पारी खेल डाली। उथप्पा ने 50 गेंदों पर 88 रन की पारी खेली। वे 19वें ओवर में हसरंगा की गेंद पर कैच आउट हुए। यह उनके आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के खिलाफ 2017 में 87 रन की पारी खेली थी।
अर्धशतक लगाने के बाद शिवम दुबे
इसके बाद रवींद्र जडेजा शून्य पर आउट हुए। आखिरी ओवर में चेन्नई ने 15 रन बनाए। शिवम दुबे शतक से चूक गए। वह 46 गेंदों पर 95 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और आठ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 206.52 का रहा। यह शिवम के आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है।
95* रन आईपीएल में चेन्नई की ओर से बैंगलोर के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर भी है। शिवम ने इस मामले में मुरली विजय के रिकॉर्ड की बराबरी की। विजय ने 2011 आईपीएल फाइनल में 95 रन बनाए थे। उथप्पा ओपनिंग करने उतरे थे और 19वें ओवर तक मैदान पर रहे।

शतक न लगा पाने पर शिवम का रिएक्शन कुछ ऐसा था
19वें ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स को दो झटके लगे। रॉबिन उथप्पा की तूफानी पारी समाप्त हुई। वनिंदु हसरंगा के इस ओवर में उथप्पा बड़े शॉट लगाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने 50 गेंदों पर 88 रन की पारी खेली। इसमें चार चौके और नौ छक्के शामिल हैं। यह उनके आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के खिलाफ 2017 में 87 रन की पारी खेली थी। इसके बाद आखिरी गेंद पर हसरंगा ने कप्तान रवींद्र जडेजा को पवेलियन भेजा। हसरंगा के पास अगले मैच में हैट्रिक लेने का मौका होगा।
17 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 163 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिवम दुबे 33 गेंदों पर 54 रन और रॉबिन उथप्पा 46 गेंदों पर 81 रन बनाकर बल्लेबाजी कर चुके हैं। दोनों के बीच अब तक 63 गेंदों पर 127 रन की साझेदारी हो चुकी है। यह इस सीजन किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। पिछले पांच ओवर में 77 रन बन चुके हैं।
15वें ओवर में रॉबिन उथप्पा ने आईपीएल करियर का 27वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 33 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। उथप्पा ने आकाश दीप की गेंद पर चौके के साथ अर्धशतक पूरा किया। उथप्पा और शिवम के बीच 90 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। 15 ओवर के बाद चेन्नई ने दो विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। शिवम दुबे ने भी 30 गेंदों पर अर्धशतक जमाया। यह उनके आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। दोनों ने रन रेट बढ़ा दिया है। उथप्पा 36 गेंदों पर 57 रन और शिवम 30 गेंदों पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पिछले पांच ओवर में 73 रन आए हैं। 11वें ओवर में 13 रन, 12वें ओवर में 13 रन, 13वें ओवर में 19 रन, 14वें ओवर में 13 रन और 15वें ओवर में 15 रन आए।
13 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 105 रन बना लिए हैं। फिलहाल रॉबिन उथप्पा अपने 27वें अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। उन्होंने 30 गेंदों पर 45 रन बना लिए हैं। वहीं, शिवम दुबे 24 गेंदों पर 39 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उथप्पा ने मैक्सवेल के 13वें ओवर में 19 रन बटोरे। इस ओवर में उथप्पा ने तीन गगनचुंबी छक्के लगाए। चेन्नई की टीम ने पिछले तीन ओवर यानी 11वें, 12वें और 13वें को मिलाकर 45 रन बना लिए हैं। 11वें ओवर में 13 रन, 12वें ओवर में 13 रन और 13वें ओवर में 19 रन आए। शिवम और उथप्पा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हो चुकी है।
12 ओवर के बाद चेन्नई ने दो विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं। फिलहाल रॉबिन उथप्पा 25 गेंदों पर 27 रन और शिवम दुबे 23 गेंदों पर 38 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इन दोनों बल्लेबाजों ने शाहबाज के 12वें ओवर में 13 रन बटोरे।
नौ ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 55 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिवम दुबे 10 गेंदों पर 13 रन और रॉबिन उथप्पा 20 गेंदों पर 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वहीं, मोईन अली (3) और ऋतुराज गायकवाड़ (17) पवेलियन लौट चुके हैं।
सातवें ओवर में 36 के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरा झटका लगा। ओवर की चौथी गेंद पर मोईन अली ने बैकवर्ड प्वाइंट पर शॉट खेला। वहां फील्डिंग कर रहे डेब्यूटांट सुयश प्रभुदेसाई ने शानदार तरीके से गेंद को रोका और तुरंत दिनेश कार्तिक को थ्रो कर दिया। तब तक मोईन हाफ क्रीज तक दौड़ चुके थे। कार्तिक ने बिना देरी किए गेंद को स्टंप्स पर लगा दिया। इस तरह मोईन रन आउट हुए। वे आठ गेंदों पर तीन रन बना सके। सात ओवर के बाद चेन्नई ने दो विकेट गंवाकर 37 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिवम दुबे एक रन और रॉबिन उथप्पा 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
सुयश प्रभुदेसाई
चौथे ओवर में 19 के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स को पहला झटका लगा। जोश हेजलवुड ने ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। ऋतुराज एक बार फिर फेल रहे और वह 16 गेंदों पर 17 रन बना सके। इस सीजन यह बल्लेबाज अब तक पांच मैचों में 35 रन ही बना सका है। चार ओवर के बाद चेन्नई ने एक विकेट गंवाकर 19 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोइन अली शून्य और रॉबिन उथप्पा दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनर्स ऋतुराज गायकवाड़ और रॉबिन उथप्पा क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए आठ रन बना लिए हैं। फिलहाल रॉबिन उथप्पा दो रन और ऋतुराज गायकवाड़ छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। सीएसके का यह 200वां आईपीएल मैच है और टीम इसे खास बनाना चाहेगी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, वनिंदु हसरंगा, जोश हेजलवुड, मोहम्मद सिराज, सुयश प्रभुदेसाई, आकाश दीप।
चेन्नई सुपर किंग्स: रॉबिन उथप्पा, ऋतुराज गायकवाड़, मोइन अली, अंबाती रायुडू, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा (कप्तान), एमएस धोनी (विकेटकीपर), ड्वेन ब्रावो, क्रिस जॉर्डन, महेश तीक्षणा, मुकेश चौधरी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। यह चेन्नई सुपर किंग्स का 200वां आईपीएल मैच है। टीम इस मैच को जीतकर इस अवसर को खास बनाना चाहेगी। बैंगलोर के कप्तान डुप्लेसिस ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। हर्षल पटेल की जगह सुयश प्रभुदेसाई और डेविड विली की जगह जोश हेजलवुड को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रवींद्र जडेजा ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
डीवाई पाटिल स्टेडियम में इस सीजन अब तक सात मैच खेले गए हैं। इसमें से पहले बैटिंग करने वाली टीम दो मैच जीत चुकी है। वहीं, बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने पांच मैचों में जीत हासिल की। सुनील गावस्कर के मुताबिक, आज के मैच में स्पिनर्स को ज्यादा मदद मिल सकती है। पहले बैटिंग करने वाली टीम 170 का स्कोर डिफेंड कर सकती है।
आरसीबी ने अब तक सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले मैच में विराट कोहली की 48 रन की पारी के बाद टीम आत्मविश्वास से भरी है। सलामी बल्लेबाज अनुज रावत ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतक जमाकर फॉर्म में आ गए। कप्तान फाफ डुप्लेसिस भी रन बना रहे हैं। आरसीबी के शीर्ष क्रम के तीनों बल्लेबाज अभी अच्छी फॉर्म में हैं। फिर दिनेश कार्तिक भी आरसीबी के लिये फिनिशर की भूमिका बखूबी निभा रहे हैं।
शाहबाज अहमद ने भी अब तक अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि अपनी बहन के निधन के कारण बायो बबल तोड़कर घर चले गए हर्षल पटेल कल के मुकाबले में खेलते हैं या नहीं। वैसे दूसरी टीमें भी अपने क्रिकेटरों को एक दिन के एकांतवास पर बबल में शामिल कर रही हैं। हर्षल के खेलने पर सीएसके मुसीबते बढ़ेंगी। वह शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं।
धोनी और जडेजा के अलावा टीम के वरिष्ठ साथियों, रोबिन उथप्पा, अंबाती रायडु और ड्वेन ब्रावो जैसे क्रिकेटरों को संकट की इस घड़ी में अधिक जिम्मेदारी निभानी होगी। सीएसके ने अब तक एक मैच में 200 रन से अधिक का स्कोर बनाया लेकिन बाकी तीन मैचों में उसके बल्लेबाज नहीं चले हैं। उनका सामना अब आरसीबी के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण से होगा जिसमें स्पिनर वनिंदु हसरंगा, डेविड विली और मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाज शामिल हैं।
चेन्नई के लिए सबसे बड़ी दिक्कत पिछले आईपीएल के हीरो ऋतुराज गायकवाड़ अब तक नहीं चल पाना है। चेन्नई को उनसे बड़ी पारी खेलने की उम्मीद है। ऑलराउंडर मोइन अली और शिवम दुबे को भी और अधिक जिम्मेदारियों का भार उठाना होगा।
आरसीबी के खिलाफ चेन्नई का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच कुल 28 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 18 चेन्नई सुपर किंग्स जीती है, जबकि नौ में आरसीबी को जीत मिली है। वहीं एक मैच बेनतीजा रहा है। लगातार हार झेल रही चेन्नई की टीम पुराने रिकॉर्ड से प्रेरणा लेकर जीत हासिल कर सकती है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मैच है। चेन्नई के लिए यह सीजन काफी खराब रहा है। टीम अब तक अपने चारों मैच हार चुकी है। रवींद्र जडेजा की टीम आज हार के सिलसिले को तोड़ने उतरेगी। वहीं, बैंगलोर ने पहला मैच गंवाने के बाद लगातार तीन मैच जीते। आज टीम जीत का चौका लगाने उतरेगी।