या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}जॉनी बेयरस्टो और रिली रोसोयू की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को सात विकेट से हराया। पंजाब की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को भी मात दी थी। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के 62 रनों के दम पर 20 ओवर में सात विकेट पर 162 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब के लिए बेयरस्टो ने 46 रन और रिली रोसोयू ने 43 रन की पारी खेली जिसकी मदद से पंजाब ने 17.5 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाकर जीत दर्ज की।
हार के बावजूद चेन्नई की टीम 10 अंक लेकर तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है, जबकि पंजाब को दो मैच जीतने से फायदा हुआ है और टीम आठ अंकों के साथ सातवें स्थान पर आ गई है। इसी के साथ पंजाब ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को जिंदा रखा है। चेन्नई और पंजाब दोनों ने ही 10-10 मैच खेल लिए हैं और प्लेऑफ में जाने के लिए दोनों को अगले चार मैच में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
पंजाब किंग्स जीत के करीब पहुंच गया है और उसे जीत के लिए 17 गेंदों पर सात रनों की जरूरत है। क्रीज पर शशांक सिंह और सैम करन मौजूद हैं।
पंजाब किंग्स की पारी को कप्तान सैम करन और शशांक सिंह ने संभाला। पंजाब को अब जीत के लिए 30 गेंदों पर 28 रनों की जरूरत है। पंजाब ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 135 रन बना लिए हैं।
शिवम दुबे ने जॉनी बेयरस्टो को आउट कर पंजाब किंग्स को दूसरा झटका दिया। बेयरस्टो 30 गेंदों पर 46 रन बनाकर आउट हुए। अब शशांक सिंह क्रीज पर उतरे हैं और उनके साथ रिली रोसोयू मौजूद हैं।
पहला झटका लगने के बाद रिली रोसोयू और जॉनी बेयरस्टो ने पंजाब किंग्स की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी से पंजाब ने नौ ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 82 रन बना लिए हैं।
पंजाब किंग्स ने शुरुआती झटके से उबरते हुए पावरप्ले खत्म होने के बाद 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। छह ओवर की समाप्ति के बाद पंजाब का स्कोर एक विकेट पर 52 रन हो गया है। फिलहाल क्रीज पर जॉनी बेयरस्टो 21 रन और रिली रोसोयू 18 रन बनाकर मौजूद हैं।
अपना पहला मुकाबला खेल रहे तेज गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब को पहला झटका दिया। प्रभसिमरन 10 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। अब रिली रोसोयू क्रीज पर उतरे हैं।
चेन्नई द्वारा 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए पंजाब के बल्लेबाज क्रीज पर उतर गए हैं। इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे प्रभसिमरन के साथ जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर मौजूद हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अर्धशतकीय पारी के दम पर पंजाब किंग्स को 163 रनों का लक्ष्य दिया। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई के लिए ऋतुराज ने 48 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 62 रन बनाए जिसके दम पर चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 162 रन बनाए। पंजाब की ओर से हरप्रीत बराड़ और राहुल चाहर ने दो-दो विकेट लिए।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई को ऋतुराज और अजिंक्य रहाणे की सलामी जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को हरप्रीत बराड़ ने रहाणे को आउट कर तोड़ा जो 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बराड़ ने उसी ओवर में शिवम दुबे को अपना शिकार बनाया जो खाता खोले बिना ही पवेलियन लौटे। जडेजा को चाहर ने आउट कर चेन्नई की पारी लड़खड़ा दी। चेन्नई अच्छी शुरुआत को आगे नहीं बढ़ा सकी और उसने महज छह रन के अंदर तीन विकेट गंवाए।
गिरते विकेटों के बीच कप्तान ऋतुराज ने एक बार फिर धैर्यपूर्ण पारी खेली और अर्धशतक जड़ा। ऋतुराज की पारी के दम पर ही टीम 150 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही। उनका साथ समीर रिजवी और मोइन अली ने दिया, लेकिन पंजाब के गेंदबाजों के आगे चेन्नई का बल्लेबाजी क्रम ज्यादा बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका। अंत में महेंद्र सिंह धोनी ने कुछ शॉट लगाए, लेकिन अंतिम गेंद पर दो रन लेने के चक्कर में ऑलआउट हो गए। यह इस सीजन पहली बार है जब धोनी आउट हुए हैं। धोनी ने 11 गेंदों पर 14 रनों का योगदान दिया।
राहुल चाहर ने मोइन अली को बोल्ड कर चेन्नई को छठा झटका दिया। मोइन 15 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर डेरिल मिचेल उतरे हैं और उनके साथ धोनी मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर चेन्नई को पांचवां झटका किया। ऋतुराज 48 गेंदों पर 62 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उतरे हैं और उनके साथ मोइन अली मौजूद हैं।
चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पंजाब के खिलाफ अर्धशतक जड़ा। इसके साथ ही गायकवाड़ ऑरेंज कैप की दौड़ में विराट कोहली से आगे निकल गए हैं।
तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा ने इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी को आउट कर चेन्नई को चौथा झटका दिया। रिजवी 23 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई के कप्तान ऋतुराज क्रीज पर टिके हुए हैं और अर्धशतक बनाने के करीब पहुंच गए हैं। अब क्रीज पर उनका साथ देने मोइन अली उतरे हैं।
लगातार झटके लगने के बाद चेन्नई की पारी धीमी पड़ गई है। पावरप्ले समाप्त होने के बाद 50 रन का आंकड़ा पार करने वाली सीएसके 13 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 85 रन ही बना सकी है। टीम के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 36 रन बनाकर टिके हुए हैं और उनके साथ समीर रिजवी 12 रन बनाकर खेल रहे हैं।
पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत के बाद सीएसके की पारी को लड़खड़ा दिया है। चेन्नई ने महज छह रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए हैं। रवींद्र जडेजा राहुल चाहर की गेंद पर आउट हो गए। जडेजा चार गेंदों पर दो रन बनाकर पवेलियन लौटे। चेन्नई ने अब इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर समीर रिजवी को मैदान पर उतारा है। उनके साथ कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर मौजूद हैं।
स्पिनर हरप्रीत बराड़ ने एक ही ओवर में चेन्नई को दोहरा झटका दिया है। बराड़ ने रहाणे को आउट करने के बाद नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर शिवम दुबे को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। ऋतुराज और रहाणे ने चेन्नई को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन बराड़ ने दो विकेट लेकर सीएसके की पारी लड़खड़ा दी है।
हरप्रीत बराड़ ने सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को आउट कर चेन्नई को पहला झटका दिया। राहणे ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पहले विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की, लेकिन बराड़ ने इस साझेदारी को तोड़ा। अब क्रीज पर शिवम दुबे उतरे हैं और उनके साथ कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ मौजूद हैं।
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और अजिंक्य रहाणे ने पंजाब के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई को बढ़िया शुरुआत दिलाई। सीएसके ने पावरप्ले समाप्त होने के बाद बिना किसी नुकसान के 55 रन बना लिए हैं। रहाणे और ऋतुराज दोनों ही बल्लेबाज 25 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
चेन्नई ने पंजाब के खिलाफ सधी हुई शुरुआत करते हुए तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 20 रन बना लिए हैं। ऋतुराज 12 रन और रहाणे सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की पारी शुरू हो चुकी है। चेन्नई के लिए अजिंक्य रहाणे के साथ कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पारी की शुरुआत करने आए हैं, जबकि पंजाब की ओर से तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा ने गेंदबाजी की शुरुआत की है।
पंजाब किंग्सः जॉनी बेयरस्टो, सैम करन (कप्तान), रिले रोसोयू, शशांक सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बरार, हर्षल पटेल, कैगिसो रबादा, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह। इंपैक्ट सबः प्रभसिमरन सिंह, लियाम लिविंगस्टोन, ऋषि धवन, विदवथ कावेरप्पा, हरप्रीत सिंह भाटिया।
चेन्नई सुपर किंग्सः अजिंक्य रहाणे, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेरिल मिचेल, मोइन अली, शिवन दुबे, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, रिचर्ड ग्लीसन, मुस्तफिजुर रहमान। इंपैक्ट सबः समीर रिजवी, मुकेश चौधरी, सिमरनजीत सिंह, शाइक रशीद, प्रशांत सोलंकी।
पंजाब किंग्स के कप्तान सैम करन ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पंजाब ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। चेन्नई के लिए मथीशा पथिराना और पिछले मैच में चार विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे इस मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इन दोनों गेंदबाजों को जगह शार्दुल ठाकुर और रिचर्ड ग्लीसन को टीम में शामिल किया गया है। ग्लीसन सीएसके के लिए डेब्यू करेंगे।
सुपरकिंग्स की ओपनिंग इस सीजन अब तक अच्छी नहीं हुई है। गायकवाड़ ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अब बाहर किए गए रचिन रवींद्र और अजिंक्य रहाणे दोनों अपने कप्तान का साथ नहीं निभा पाए हैं। सलामी बल्लेबाज के रूप में रहाणे ने पिछली चार पारियों में 05, 36, 01 और 09 रन बनाए जो उनके अनुभव और कौशल के अनुरूप नहीं हैं। पूरी संभावना है कि टीम उन्हें और मौके देगी।
चेन्नई को पंजाब के खिलाफ यह प्रदर्शन दोहराना होगा और सभी की निगाहें कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर होंगी जो फॉर्म में वापसी कर चुके हैं। गायकवाड़ ने अपनी पिछली दो पारियों में 108 और 98 रन बनाए हैं और न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने भी हैदराबाद के खिलाफ 32 गेंद में 52 रन बनाकर सही समय पर लय हासिल कर ली है। हालांकि, सुपरकिंग्स के बल्लेबाजी क्रम में असली तूफान शिवम दुबे हैं जिन्होंने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आते हुए विपक्षी गेंदबाजों को धराशाई किया है।
चेन्नई के नौ मैच में 10 अंक हैं जो सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के समान हैं और गत चैंपियन टीम निश्चित रूप से जीत के साथ इन टीमों से आगे निकलने की कोशिश करेगी। हालांकि, उनकी चिंता बढ़ गई है क्योंकि पंजाब की टीम कोलकाता के खिलाफ 262 रन के टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल करने के बाद इस मुकाबले में उतर रही है। पंजाब किंग्स के नौ मैच में छह अंक हैं। चेपॉक सुपरकिंग्स का गढ़ है जहां गेंदबाजों को पिच से मदद मिलती है और मेजबान टीम ने पिछले मैच में सनराइजर्स पर 78 रन की आसान जीत दर्ज की थी।
IPL Live Cricket Score, CSK vs PBKS Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना पंजाब किंग्स से है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड चेपॉक पर खेला जा रहा है। चेन्नई और पंजाब दोनों ने ही अपने पिछले मुकाबले जीते हैं। चेन्नई जहां इस मैच में लय बरकरार रखने उतरेगी, जबकि अंक तालिका में आठवें स्थान पर चल रही पंजाब की नजरें प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने पर टिकी होंगी।