कैसा होगा पिच का रुख?
चेन्नई की टीम अब अपना भाग्य बदलने के उद्देश्य से अपने घरेलू मैदान पर खेलने के लिए उतरेगी। उसे हालांकि अभी तक यहां के विकेट से उतनी मदद नहीं मिली है जैसे कि अतीत में मिला करती थी। रॉयल चलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बड़ी हार के बाद चेन्नई के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने पिच को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की थी।
चेन्नई की पिछली सफलताओं में उसका घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है लेकिन अब यहां की पिच काफी बदल गई है और उसके खिलाड़ी इससे सामंजस्य नहीं बिठा पा रहे हैं। चेन्नई को अगर अपना अभियान पटरी पर लाना है तो उसके खिलाड़ियों को जल्द से जल्द यहां की परिस्थितियों से तालमेल बिठाना होगा। यही नहीं उसके स्पिन गेंदबाजों को सफलता हासिल करने का तरीका ढूंढना होगा।
कप्तान धोनी पर रहेंगी निगाहें
सभी की निगाहें एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी रहेंगी, जो इस मैच में टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में 12 गेंद पर 27 रन बनाए थे जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल है। चेन्नई की टीम के लिए अच्छी बात यह है कि डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाजों ने लय हासिल करने के संकेत दिए हैं लेकिन उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ की कमी खलेगी।
जीत की राह पर लौटना चाहेगी केकेआर
चेन्नई की गेंदबाजी कमोबेश वैसी ही रहेगी, जिसमें खलील अहमद, मुकेश चौधरी और मथीशा पथिराना तेज गेंदबाजी विभाग संभालेंगे जबकि रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जड़ेजा और नूर अहमद पर स्पिन विभाग की जिम्मेदारी होगी। जहां तक नाइट राइडर्स का सवाल है, वे तीन दिन पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मिली करीबी हार से उबरने और इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेंगे।
कोलकाता का खेमा मजबूत नजर आ रहा
उनके गेंदबाजों को ईडन गार्डन्स में लखनऊ के बल्लेबाजों की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था। उन्हें यहां अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। बल्लेबाजी में नाइट राइडर्स का दारोमदार फिर से क्विंटन डिकॉक, सुनील नरेन, कप्तान अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों पर रहेगा। अगर अंक तालिका में वर्तमान स्थिति का जिक्र करें तो चेन्नई चार हार और एक जीत के बाद नौवें स्थान पर, जबकि केकेआर पांच मैचों में दो जीत और तीन हार के साथ छठे स्थान पर है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार है
चेन्नई सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी, (कप्तान/विककेटकीपर), डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, शिवम दुबे, विजय शंकर, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, मथीशा पथिराना।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा।
आइए जानते हैं चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 मैच से जुड़ी सारी जानकारियां...
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब खेला जाएगा?
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला 11 अप्रैल यानी शुक्रवार को खेला जाएगा।
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कहां खेला जाएगा?
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा।
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला कब शुरू होगा?
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा।
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 का मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
चेन्नई और कोलकाता के बीच आईपीएल 2025 के मैच को ऑनलाइन जियोहॉटस्टार (JioHotstar) एप पर देखा जा सकता है। इसके साथ ही मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।