पिछले कुछ मैचों शानदार प्रदर्शन करने वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले आईपीएल के मैच में अपनी लय बरकरार रखने की कोशिश करेगी। दूसरी तरफ लगातार दो हार का सामना करने वाली गुजरात टाइटंस की टीम अच्छा प्रदर्शन करके अपने अभियान को पटरी पर लाने के लिए बेताब होगी। इस मैच में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर वापसी करेंगे या नहीं। हालांकि, उनके उपलब्ध रहने की उम्मीद कम ही है।
सीएसके ने की है वापसी
सीएसके ने इस सत्र की शुरुआत अच्छी नहीं की थी लेकिन इसके बाद उसने शानदार वापसी करके अपने पिछले चार मैचों में से तीन में जीत हासिल की है। इसमें मुंबई इंडियंस पर 103 रन की जीत भी शामिल है, जिसमें संजू सैमसन ने सत्र का अपना दूसरा शतक लगाया था। ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली सीएसके के अभी छह अंक हैं और वह प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए आगे किसी भी तरह की गलतियों से बचने के लिए प्रतिबद्ध होगी।
सीएसके की टीम अभी अच्छी स्थिति में नजर आ रही है। मुंबई के खिलाफ उसे सैमसन की शानदार पारी और अकील हुसैन की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतर प्रदर्शन के कारण बड़ी जीत मिली। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उसने यह जीत अपने स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी (पिंडली की चोट) और युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे (हैमस्ट्रिंग की चोट) के बिना हासिल की। सीएसके के लिए हालांकि कुछ क्षेत्र चिंता का विषय बने हुए हैं। उसके शीर्ष क्रम ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन मध्य क्रम आक्रामक बल्लेबाजी करने और साझेदारी निभाने में नाकाम रहा है।
अवसरों का फायदा उठाने में नाकाम रही है गुजरात
गुजरात टाइटंस की टीम अभी तक अवसरों का फायदा उठाने में नाकाम रही है। उसे पिछले दो मैच में हार का सामना करना पड़ा है। उसे मुंबई इंडियंस ने 99 रन और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पांच विकेट से हराया। उसके छह अंक है लेकिन खराब रन रेट के कारण वह सातवें स्थान पर है। आक्रामक बल्लेबाजी को बढ़ावा देने वाले प्रारूप में उनका रूढ़िवादी दृष्टिकोण हमेशा कारगर साबित नहीं हुआ है। विशेष रूप से मध्य क्रम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और वे अक्सर अच्छी शुरुआत का लाभ उठाने में विफल रहे हैं।
गुजरात के पास प्रसिद्ध कृष्णा, कागिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज जैसे तेज गेंदबाज हैं, जबकि युवा अशोक शर्मा ने भी छह विकेट लेकर योगदान दिया है। स्पिन गेंदबाजी विभाग में राशिद खान एकमात्र भरोसेमंद विकल्प बने हुए हैं, क्योंकि मानव सुथार ने अब तक केवल एक मैच खेला है और वाशिंगटन सुंदर का प्रदर्शन भी कुछ खास प्रभावशाली नहीं रहा है। गुजरात टाइटंस के लिए एक बड़ा सकारात्मक पहलू साई सुदर्शन का आरसीबी के खिलाफ प्रभावशाली शतक रहा है, जबकि गिल ने तीन अर्धशतकों सहित 293 रन और जोस बटलर ने 231 रन बनाए हैं।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मानव सुथार, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।
सीएसके: ऋतुराज गायकाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जैमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, गुरजपनीत सिंह, मुकेश चौधरी।
हम यहां आपको सीएसके और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं...
सीएसके और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच कब खेला जाएगा?
सीएसके और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच 26 अप्रैल यानी रविवार को खेला जाएगा।
सीएसके और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां खेला जाएगा?
सीएसके और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच चेन्नई के एमए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
सीएसके और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच कितने बजे से खेला जाएगा?
सीएसके और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर 3:00 बजे होगा।
सीएसके और गुजरात के बीच आईपीएल 2026 का मैच कहां देख पाएंगे?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स के पास है और दर्शक इसके मुकाबले स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।